Inkhabar Haryana, Surajkund Mela 2025: हरियाणा के फरीदाबाद में लगे अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड मेला अपने अंतिम पड़ाव में प्रवेश कर चुका है और अब केवल 4 दिन ही शेष हैं। इस भव्य आयोजन के समापन की ओर बढ़ते ही दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जो इस बार पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ने के लिए तैयार है। सांस्कृतिक धरोहर और लोककला के अद्भुत संगम से सजे इस मेले में हरियाणा के पारंपरिक बीन वादक कलाकारों ने दर्शकों का मन मोह लिया है। उनके संगीत की धुनों पर लोग खुद को थिरकने से रोक नहीं पा रहे हैं।
हरियाणवी बीन की धुन पर झूमे दर्शक
सूरजकुंड मेले में हरियाणवी बीन वादकों की प्रस्तुति लोगों को मंत्रमुग्ध कर रही है। पारंपरिक संगीत और बीन वादन की धुनों ने लोगों को ऐसा आकर्षित किया कि वे नाचने पर मजबूर हो गए। महिलाओं और युवतियों ने विशेष रूप से इस लोक संगीत का आनंद लिया और खुले मैदान में झूम-झूमकर नृत्य किया। मेले में आए कई पर्यटकों ने भी इस संगीतमय माहौल का हिस्सा बनकर हरियाणवी संस्कृति को नजदीक से महसूस किया।
खरीदारी और मनोरंजन का अनूठा संगम
मेले में न केवल लोक कला और संगीत का आनंद लिया जा रहा है, बल्कि दर्शक खरीदारी का भी खूब लुत्फ उठा रहे हैं। हस्तशिल्प से लेकर पारंपरिक कपड़े और सजावटी सामान तक, हरियाणा और अन्य राज्यों के कलाकारों द्वारा निर्मित वस्तुएं खरीदारों को आकर्षित कर रही हैं। महिलाओं ने बताया कि वे मेले में आकर न केवल शॉपिंग कर रही हैं, बल्कि हरियाणवी संस्कृति के रंगों को भी पूरे मन से अनुभव कर रही हैं।