Advertisement
Advertisement
होम / Tohana bus rescue: हरियाणा में बारिश बनी मुसीबत, पानी से भरे अंडरब्रिज में फंसी बस के लिए पुलिस बनी फरिश्ता

Tohana bus rescue: हरियाणा में बारिश बनी मुसीबत, पानी से भरे अंडरब्रिज में फंसी बस के लिए पुलिस बनी फरिश्ता

BY: • LAST UPDATED : August 26, 2025
Inkhabar Haryana, Tohana bus rescue: तेज बारिश के कारण हरियाणा के टोहाना इलाके के गांव अमानी के पास बने रेलवे अंडरब्रिज में पानी भर जाने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां शहतलाई जा रही हरियाणा रोडवेज की एक बस अचानक 5 फीट गहरे पानी में फंस गई। बस के इंजन बंद होने से अंदर बैठे यात्री दहशत में आ गए और पानी बस के भीतर घुसने लगा।

घटना की शुरुआत?

बस फतेहाबाद से शहतलाई की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन अमानी गांव के अंडरब्रिज से गुजरा, बारिश का जमा पानी इतना अधिक था कि बस बीच में ही बंद हो गई। धीरे-धीरे पानी बस के भीतर भरने लगा। स्थिति गंभीर होती देख स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मचारी रीना, जो खुद बस में यात्री थीं, ने तुरंत वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो तेजी से वायरल हुआ और प्रशासन तक बात पहुंची।

क्रेन भी हुई नाकाम

घटना की जानकारी मिलते ही बस को निकालने के लिए क्रेन मंगवाई गई। लेकिन गहराई और पानी के दबाव के कारण क्रेन भी बेअसर साबित हुई। हालात बिगड़ते जा रहे थे और बस में फंसे यात्री खासकर बच्चे और बुजुर्ग बेहद डरे हुए थे।

Advertisement

पुलिस जवानों का साहसिक कदम

ऐसे नाजुक वक्त में सदर थाना प्रभारी शादीराम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एएसआई करनैल सिंह और एसपी सिक्योरिटी एजेंट एचसी सुनील कुमार ने बिना देर किए पानी में उतरने का फैसला लिया। करीबन 5 फीट गहरे पानी में उतरकर पुलिस जवान एक-एक करके यात्रियों को बस से बाहर निकालने लगे।

बच्चों और बुजुर्गों को जवानों ने कंधे पर उठाकर सुरक्षित बाहर पहुंचाया, वहीं महिलाओं को भी पूरी सुरक्षा के साथ दूसरी बस में शिफ्ट किया गया। करीब 25 यात्रियों को सफलतापूर्वक बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया। जब सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए तो यात्रियों ने हरियाणा पुलिस का दिल से धन्यवाद किया। लोगों ने कहा कि अगर पुलिस समय पर न पहुंचती तो हादसा गंभीर हो सकता था।