




Inkhabar Haryana, Transfer of IAS officers: हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 44 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। ये बदलाव सरकार की नीतिगत प्राथमिकताओं और प्रशासनिक कुशलता में सुधार लाने के उद्देश्य से किए गए हैं। इनमें चर्चित IAS अधिकारी अशोक खेमका, सुमिता मिश्रा, अनुराग रस्तोगी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को जरुरी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
हमेशा सुर्खियों में रहने वाले IAS अफसर अशोक खेमका को अनिल विज के महकमे की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें परिवहन विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है। खेमका की ईमानदार छवि और कड़े फैसलों के लिए वे चर्चित रहे हैं, और यह देखना दिलचस्प होगा कि परिवहन विभाग में उनकी नियुक्ति से क्या बदलाव आते हैं।
सुधीर राजपाल को स्वास्थ्य सचिव के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और आयुष विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, विनीत गर्ग को उच्चतर शिक्षा विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
डी सुरेश को हरियाणा भवन, नई दिल्ली का रेजिडेंट कमिश्नर और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, श्यामल मिश्र को फरीदाबाद और गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यकारी अधिकारी और नागरिक उड्डयन विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है।
IAS अफसर संजीव वर्मा को खेल और आयुष विभाग का निदेशक बनाया गया है। वहीं, आशिका बराड़ को सामाजिक न्याय, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, आबकारी एवं कराधान आयुक्त और हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम का एमडी नियुक्त किया गया है।




