




Inkhabar Haryana, VC Dr. Ranpal Singh: हरियाणा के जींद स्थित चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू) के कुलपति (वीसी) डॉ. रणपाल सिंह ने अपने पद से इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया है।उनका कार्यकाल जून 2025 में समाप्त होना था, लेकिन उन्होंने इसके पहले ही अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। विश्वविद्यालय में अब वीसी का पद खाली हो गया है।
डॉ. रणपाल सिंह ने अपने इस्तीफे के कारणों को निजी बताते हुए कहा कि यह निर्णय उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से लिया है। हालांकि, उनके इस अप्रत्याशित कदम ने विश्वविद्यालय और शिक्षा जगत में हलचल मचा दी है। सूत्रों के अनुसार, यह भी चर्चा हो रही है कि इस्तीफे के पीछे राजनीतिक और प्रशासनिक कारण हो सकते हैं, हालांकि इस पर अभी कोई स्पष्टता नहीं है।
बता दें कि, डॉ. रणपाल सिंह ने 10 जून 2022 को चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के वीसी का पदभार संभाला था। इससे पहले वे डीएवी कॉलेज, यमुनानगर के प्राचार्य के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके थे। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में प्रगति की, लेकिन उनका कार्यकाल विवादों से भी अछूता नहीं रहा।
उनसे पहले प्रो. आरबी सोलंकी विश्वविद्यालय के कुलपति थे, जिनका कार्यकाल 22 जनवरी 2022 को समाप्त हो गया। प्रो. सोलंकी के बाद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (केयूके) के कुलपति को लंबे समय तक सीआरएसयू का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था।
2014 में स्थापित चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय हरियाणा के जींद जिले में स्थित है और राज्य के शिक्षा केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। इस विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद से इसे उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त हुआ है।
सूत्रों की मानें तो डॉ. रणपाल सिंह की नियुक्ति डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के समर्थन से हुई थी। उन्हें चौटाला का करीबी माना जाता था, जो इस्तीफे के पीछे के संभावित राजनीतिक कारणों की ओर भी संकेत करता है।




