Inkhabar Haryana, Verification Of Tenants And Servants in Haryana: शहर में अपराधों पर नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए हांसी पुलिस ने एक व्यापक सत्यापन अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के अंतर्गत दूसरे प्रदेशों से आकर फैक्ट्रियों, होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंटों और दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों, कारीगरों और किरायेदारों का पुलिस रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
पुलिस टीम की पैनी नजर
इस मुहिम का नेतृत्व हांसी के पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन कर रहे हैं, जिन्होंने सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रियता से यह कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। आदेशानुसार, सभी व्यापारिक संस्थानों, विशेषकर ज्वेलर्स की दुकानों, होटल, ढाबा और अन्य प्रतिष्ठानों पर कार्यरत बाहरी व्यक्तियों का रिकॉर्ड संकलित कर पुलिस के पास दर्ज किया जा रहा है।
पुलिस की टीम ने विशेष रूप से बंगाल से आए कारीगरों, ज्वेलरी का काम करने वाले मजदूरों तथा अन्य प्रवासी नागरिकों का आधार कार्ड, निवास स्थान और राज्य की जानकारी लेकर वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी की। यह कदम सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक आवश्यक कदम माना जा रहा है।
किराएदार और नौकरों की पुलिस वेरिफिकेशन कराना जरुरी
सब-इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जहां बाहरी लोग किराए पर रहकर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए गए हैं और फिर फरार हो गए। न तो उनके पास किसी दस्तावेज़ की जानकारी होती है और न ही मकान मालिक या नियोक्ता उनकी पृष्ठभूमि के बारे में जानता है। ऐसे में यदि पुलिस के पास पहले से जानकारी मौजूद हो, तो अपराधी की पहचान और गिरफ्तारी में आसानी होती है।
उन्होंने कहा कि किराएदार और नौकरों की पुलिस वेरिफिकेशन कराना न केवल कानून के प्रति ज़िम्मेदारी है, बल्कि आपकी स्वयं की सुरक्षा के लिए भी अनिवार्य है। इससे यह भी पता लगाया जा सकता है कि व्यक्ति किस प्रवृत्ति का है और उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड तो नहीं है।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से की ये अपील
हांसी पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों, ज्वेलर्स, होटल मालिकों, और मकान मालिकों से अपील की है कि वे अपने यहां कार्यरत सभी व्यक्तियों की वेरिफिकेशन स्थानीय पुलिस थाने में अवश्य कराएं। यह अभियान ना केवल अपराध पर अंकुश लगाने में मदद करेगा, बल्कि शहर में शांति और सुरक्षा को भी सुनिश्चित करेगा। पुलिस ने सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपेक्षा की है और कहा है कि यदि कोई व्यक्ति बिना वेरिफिकेशन के पकड़ा गया, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।