




Inkhabar Haryana, Vij on Chandigarh: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को एक बार फिर चंडीगढ़ पर पंजाब की दावेदारी पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर तंज कसा और गुरु नांनक देव जी की जंयती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
मंत्री अनिल विज ने कहा कि चंडीगढ़ तभी पंजाब का हो सकता है जब हिंदी भाषा क्षेत्र हरियाणा को स्थानांतरित कर दिया जाए और SYL का पानी मिल जाए, अन्यथा जितना पंजाब का है उतना ही हरियाणा का भी है। अनिल विज का यह बयान पंजाब के नेताओं द्वारा चंडीगढ़ पर किए गए दावे के बाद आया।
चंडीगढ़ को लेकर पंजाब और हरियाणा के बीच विवाद पुराना है और अनिल विज ने इस पर अपना कड़ा रुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंजाब को चंडीगढ़ तभी मिल सकता है जब हरियाणा के हिस्से का हिंदी क्षेत्र वहां स्थानांतरित किया जाए और SYL का पानी हरियाणा को मिल जाए। अगर ये शर्तें पूरी नहीं होतीं, तो चंडीगढ़ पर दोनों प्रदेशों का समान अधिकार है।
इस मौके पर अनिल विज ने गुरु नानक देव जी की 555वीं जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन बहुत पवित्र है, जब धरती पर गुरु नानक देव जी का अवतरण हुआ था। उन्होनें सभी को उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी और उनके योगदान को याद किया।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हाल ही में विधानसभा चुनावों को लेकर कहा था कि इस बार तंत्र की जीत हुई है, न कि लोकतंत्र की। इस पर अनिल विज ने तंज कसते हुए कहा कि जनता ने इनकी पतंग काट दी और अब ये संभल नहीं पा रहे हैं। विज ने आरोप लगाया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनकी पार्टी कांग्रेस हार को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और इसीलिए वे इस तरह के बयानों के माध्यम से अपनी असफलता का बहाना बना रहे हैं।
केंद्र में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हाल ही में एक बयान दिया था जिसमें उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी पर संविधान को न समझने का आरोप लगाया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि राहुल गांधी को संविधान का ज्ञान नहीं है। उनकी दादी इंदिरा गांधी ने संविधान की धज्जियां उड़ाकर इमरजेंसी लागू की थी, इसलिए उन्हें संविधान का ज्ञान नहीं हो सकता। विज ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संविधान का पूरा ज्ञान है और वे संविधान की शरण में रहकर काम करते हैं।
Kumari Sheilja News: कुमारी सैलजा ने महंगाई पर सरकार को घेरा, लगाए गंभीर आरोप




