Inkhabar Haryana, Vinesh Phogat: कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने जुलाना में निर्माणाधीन नाले में इस्तेमाल हो रही घटिया सामग्री को लेकर नाराजगी जताई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-352 पर नाले के निर्माण के दौरान तीसरे दर्जे की सामग्री का उपयोग देख उन्होंने मौके पर अपनी गाड़ी रुकवाई और संबंधित PWD अधिकारी को फोन पर फटकार लगाई।
मौके पर की जांच
विधायक ने अधिकारी से कहा कि आप सरकारी काम में थर्ड क्वालिटी का सामान लगा रहे हैं, यह नाला 6 महीने भी नहीं टिकेगा। उन्होंने अधिकारी को तुरंत मौके पर आने के लिए कहा और चेतावनी दी कि अगर वह जल्द नहीं पहुंचे, तो ठेकेदार सबूत मिटा देगा।
विनेश फोगाट ने निर्माण स्थल पर चल रहे काम का मुआयना किया और घटिया सामग्री के सबूत अपनी गाड़ी में रख लिए। उन्होंने कहा कि इस नाले का सीधा संबंध जुलाना की जल निकासी से है। यदि इस नाले में खराब सामग्री का इस्तेमाल होता है, तो यह परियोजना जल्द ही ध्वस्त हो जाएगी, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
मजदूरों से ठेकेदार का नंबर मांगा
बता दें कि, विधायक ने मौके पर काम कर रहे मजदूरों से ठेकेदार का नंबर मांगा, लेकिन मजदूरों ने नंबर न होने की बात कही। इसके बाद फोगाट ने अधिकारी को फोन पर कहा कि घटिया सामग्री के वीडियो और सबूत उन्हें भेजे जा रहे हैं, और वह खुद मौके पर आकर काम का मुआयना करें।
तुरंत जांच के आदेश की मांग
विनेश फोगाट ने PWD अधिकारी को चेतावनी देते हुए कहा कि वह तुरंत मौके पर आकर सामग्री की जांच करें और दोषियों पर कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि यह जनता का पैसा है, इसे इस तरह बर्बाद नहीं होने देंगे। अपनी जीत के धन्यवाद दौरे के दौरान यह घटना सामने आई। विधायक फोगाट ने कहा कि जनता के हितों की रक्षा के लिए वह हर जरूरी कदम उठाएंगी और सरकारी परियोजनाओं में अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं करेंगी।