Advertisement
Advertisement
होम / Vinesh Phogat: विधायक विनेश फोगाट ने रोड निर्माण में लापरवाही पर जताई नाराजगी, JE को लगाई फटकार

Vinesh Phogat: विधायक विनेश फोगाट ने रोड निर्माण में लापरवाही पर जताई नाराजगी, JE को लगाई फटकार

BY: • LAST UPDATED : January 25, 2025

Inkhabar Haryana, Vinesh Phogat: जींद की जुलाना विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने शुक्रवार को क्षेत्र का दौरा करते हुए सरकारी निर्माण कार्यों में हो रही लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने राजगढ़, झमौला, करेला, खरैंटी समेत कई गांवों का दौरा किया और जनता की समस्याओं को सुना। दौरे के दौरान विनेश फोगाट ने हांसी रोड पर 50 लाख रुपये की लागत से बन रहे 800 मीटर लंबे फुटपाथ का निरीक्षण किया, जहां उन्हें निर्माण कार्य में गंभीर खामियां नजर आई।

फुटपाथ निर्माण में घटिया समान का इस्तेमाल

विनेश फोगाट ने मौके पर जूनियर इंजीनियर (JE) को बुलाकर निर्माण कार्य की जांच करवाई। फुटपाथ को उखड़वाकर देखा गया, तो उसमें 3 इंच से भी कम पत्थर (रोड़ा) मिला, जबकि कागजों में इसे 8 इंच लिखा गया था। विधायक ने इस अनियमितता पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह जनता के खून-पसीने की कमाई है और विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह फुटपाथ 6 महीने भी नहीं चलेगा।

इस पर JE ने जवाब दिया कि अभी निर्माण कार्य की पेमेंट नहीं की गई है और भुगतान से पहले सभी खामियों को दूर कराया जाएगा।

Advertisement

नगर पालिका सचिव को किया फोन

विधायक विनेश फोगाट ने नगर पालिका सचिव पूजा साहू से भी फोन पर बात की और स्थिति से अवगत कराया। सचिव ने बताया कि उन्हें निर्माण कार्य में पूरा मैटीरियल डाले जाने की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इस पर विनेश ने कहा कि सरकार से स्वीकृत विकास कार्यों का भुगतान तय है, लेकिन निर्माण मानकों के अनुरूप ही होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गुणवत्ता सुनिश्चित किए बिना किसी भी तरह का भुगतान न किया जाए।