Inkhabar Haryana, Vipul Goyal: दिल्ली विधानसभा चुनावों में बीजेपी की बढ़त को लेकर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने PM नरेंद्र मोदी की नीतियों को इस जीत का श्रेय दिया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी और उसके नेता अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनता अब झूठ और नकारात्मक राजनीति को नकार चुकी है।
मोदी की नीतियों की जीत
विपुल गोयल ने कहा कि दिल्ली की जनता ने विकास के आधार पर मतदान किया है और यह PM नरेंद्र मोदी की प्रभावशाली नीतियों की जीत है। उन्होंने कहा कि देश में अब वही राजनीति चलेगी जो जनता की भलाई के लिए काम करेगी और नकारात्मक राजनीति का कोई भविष्य नहीं है।
केजरीवाल पर निशाना
विपुल गोयल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह बीते दस सालों से जनता को गुमराह कर रहे थे। लेकिन अब दिल्ली की जनता ने उन्हें नकार दिया है और यह दर्शाता है कि लोग अब वास्तविक विकास चाहते हैं, न कि केवल वादों और प्रचार पर विश्वास करते हैं।
कांग्रेस पर कटाक्ष
कांग्रेस पर भी कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी का न तो कोई ठोस संगठन बचा है और न ही कोई स्पष्ट नीति। उन्होंने हरियाणा में कांग्रेस की स्थिति पर भी सवाल उठाए और कहा कि सरकार बने चार महीने हो चुके हैं, लेकिन कांग्रेस अब तक विपक्ष के नेता का चुनाव नहीं कर सकी है। साथ ही, प्रदेश में संगठन को लेकर भी पार्टी पूरी तरह असफल रही है।