Inkhabar Haryana, Vipul Goyal: हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने किसान आंदोलन को लेकर अपने बयान में किसानों से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित कमेटी के सुझावों का इंतजार करना चाहिए और विश्वास जताया कि यह मसला जल्द सुलझेगा किसान भाई रखे संयम । गोयल ने यह भी कहा कि हरियाणा देश का ऐसा एकमात्र राज्य है, जहां 20 प्रकार की फसलों की एमएसपी पर खरीद की जाती है। साथ ही, उन्होंने यह दावा किया कि किसानों को सबसे अधिक मुआवजा हरियाणा सरकार दे रही है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर साधा निशाना
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने विपक्ष के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने हुड्डा को राजनीति का आईना दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि अगर किसान भविष्य में किसी अलग प्रकार की फसल की खेती करते हैं, तो राज्य सरकार उसकी भी खरीद सुनिश्चित करेगी।
रामचंद्र जांगड़ा के बयान पर दी प्रतिक्रिया
राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा के बयान को लेकर विपुल गोयल ने कहा कि उन्होंने उनका बयान नहीं सुना है, लेकिन यह जरूर कहा कि हरियाणा सरकार किसानों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार की नीतियां किसानों के हित में हैं और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
महिलाओं को किया सशक्त
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने रोहतक बस स्टैंड पर आयोजित एक कार्यक्रम में महिलाओं को दुकानें वितरित कीं। उन्होंने इस पहल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लखपति दीदी’ कार्यक्रम का हिस्सा बताते हुए कहा कि यह महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है कि हर महिला आत्मनिर्भर बने और यह उसी का एक हिस्सा है।
सिविल अस्पताल में भी कार्यक्रम में पहुंचे
इसके अलावा, मंत्री गोयल रोहतक के सिविल अस्पताल में आयोजित एक कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश की जनता के हर वर्ग का ख्याल रख रही है।