Advertisement
Advertisement
होम / Anil Vij: अंबाला कैंट बस स्टैंड पर ‘हमारी आस्था फाउंडेशन’ ने शुरू की 5 रुपये में थाली सेवा, विज ने रिबन काटकर किया उद्घाटन

Anil Vij: अंबाला कैंट बस स्टैंड पर ‘हमारी आस्था फाउंडेशन’ ने शुरू की 5 रुपये में थाली सेवा, विज ने रिबन काटकर किया उद्घाटन

BY: • LAST UPDATED : February 3, 2025
Inkhabar Haryana, Anil Vij: अंबाला कैंट बस स्टैंड पर यात्रियों, कर्मचारियों और जरूरतमंदों के लिए एक नई सामाजिक पहल की शुरुआत हुई है। ‘हमारी आस्था फाउंडेशन’ द्वारा मात्र 5 रुपये में थाली सेवा शुरू की गई है, जिससे आम जनता को सस्ते और पौष्टिक भोजन की सुविधा मिल सके। इस महत्वपूर्ण पहल का उद्घाटन हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने रिबन काटकर किया।

समाजसेवा की मिसाल बनी आस्था फाउंडेशन

यह फाउंडेशन पहले से ही अंबाला सिटी के सिविल अस्पताल में 5 रुपये में भोजन उपलब्ध करा रही है। अब इस पहल को आगे बढ़ाते हुए अंबाला कैंट बस स्टैंड पर भी यात्रियों, बस स्टाफ और जरूरतमंदों को कम कीमत में भोजन देने का संकल्प लिया गया है। फाउंडेशन के सदस्य बताते हैं कि इस सेवा के तहत हर मंगलवार को विशेष रूप से मिठाई भी परोसी जाएगी।

अनिल विज ने की फाउंडेशन की सराहना

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाएं सरकार का हाथ बंटाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार चाहती है कि समाजसेवी संगठन आगे आएं और जरूरतमंदों के लिए कार्य करें। सरकार अकेले सब कुछ नहीं कर सकती, इसलिए समाज को भी योगदान देना चाहिए।

Advertisement

उन्होंने आस्था फाउंडेशन के कार्यों को देखते हुए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की।

हरियाणा के अन्य शहरों में भी शुरू होगी यह सेवा

मंत्री अनिल विज ने जानकारी दी कि हरियाणा के अन्य शहरों में भी इस योजना को लागू किया जाएगा। फिलहाल राज्य के 5 बस अड्डों पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में यह सेवा शुरू की जा रही है। यदि यह पहल सफल होती है, तो इसे पूरे हरियाणा में लागू किया जाएगा।

आस्था फाउंडेशन द्वारा रोजाना सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक यह भोजन सेवा उपलब्ध होगी। इसका लाभ बस यात्रियों, स्टाफ और रैन बसेरा में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को मिलेगा।