Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini flight inauguration of Hisar to Chandigarh: हरियाणा के हवाई संपर्क नेटवर्क में एक नया अध्याय जुड़ गया है। आज यानी 9 जून 2025 को हिसार एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए पहली बार नियमित उड़ान सेवा की शुरुआत की गई। इस ऐतिहासिक अवसर पर खुद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और खुद भी इस उद्घाटन उड़ान में सवार होकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए।
सीएम सहित कई गणमान्य लोग सफर में होंगे शामिल
सीएम के साथ इस पहली उड़ान में हरियाणा सरकार के PWD मंत्री रणबीर गंगवा, विधायक रणधीर पनिहार, विधायक विनोद भयाणा, पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई, पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ. कमल गुप्ता अपने परिवार सहित, जवाहर सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष आशा खेदड़ और अशोक सैनी शामिल रहे। यह सभी लोग हिसार से चंडीगढ़ के लिए एलायंस एयर की इस विशेष उड़ान का हिस्सा बने।
सप्ताह में दो दिन चलेगी फ्लाइट
एलायंस एयर की यह 72-सीटर ATR विमान सेवा सप्ताह में दो दिन—सोमवार और शुक्रवार को संचालित होगी। उड़ान का समय लगभग 1 घंटा रहेगा, जबकि वापसी की उड़ान करीब 1 घंटा 10 मिनट में पूरी होगी। यह सेवा खास तौर पर उन यात्रियों के लिए राहत भरी होगी जो अब तक सड़क या रेल मार्ग से चंडीगढ़ पहुंचने में कई घंटे गंवाते थे।
किराया भी बजट में
फ्लेक्सी किराया मॉडल के तहत इस रूट पर टिकट की कीमत ₹1449 से ₹1704 के बीच रखी गई है। यह किफायती किराया खासकर आम जनता और कारोबारियों के लिए बेहद सुविधाजनक साबित होगा। एलायंस एयर ने टिकटों की बुकिंग पहले ही शुरू कर दी थी और पहले दिन की उड़ान को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया। हिसार से चंडीगढ़ की सड़क दूरी लगभग 252 किलोमीटर है, जिसे तय करने में सड़क मार्ग से औसतन 4 घंटे और रेल से करीब 7 घंटे लगते हैं। अब यह सफर हवाई मार्ग से महज एक घंटे में पूरा किया जा सकेगा, जिससे समय की काफी बचत होगी।
इससे पहले दिल्ली और अयोध्या के लिए शुरू हो चुकी हैं उड़ानें
इससे पहले 14 अप्रैल 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिसार से अयोध्या के लिए उड़ान सेवा की शुरुआत की थी। इसके साथ ही हिसार से दिल्ली के लिए भी हवाई सेवा शुरू की जा चुकी है। अब तक अयोध्या के लिए 750 से अधिक यात्री हिसार से उड़ान भर चुके हैं। फिलहाल, हिसार से चलने वाली उड़ानों में सभी सीटें नहीं भर रही हैं। हालांकि दिल्ली में स्टॉपेज के कारण राष्ट्रीय राजधानी से भी यात्री जुड़ जाते हैं, जिससे लोड बढ़ता है। अब गर्मियों की छुट्टियों और नई उड़ान सेवा के प्रचार से यात्रियों की संख्या में इज़ाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है।