




Inkhabar Haryana, Gurugram News:गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। इस साल पुलिस ने ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और गलत साइड में वाहन चलाने जैसी लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए व्यापक अभियान चलाया। इस अभियान के तहत 1 लाख 46 हजार से अधिक वाहन चालकों के चालान किए गए और 10 करोड़ से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
गुरुग्राम पुलिस ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में विशेष नाके लगाकर रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसा। मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत इन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की गई। आंकड़ों के मुताबिक, चालान से वसूली गई कुल जुर्माना राशि 10 करोड़ 28 लाख 86 हजार 500 रुपए है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ यह सख्ती जारी रहेगी।
गौरतलब है कि रॉन्ग साइड ड्राइविंग न केवल चालक के लिए, बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी जानलेवा साबित होती है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, गत दिशा में वाहन चलाने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि होती है, जिससे जान-माल का भारी नुकसान होता है।
बता दें कि, गुरुग्राम पुलिस ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के लिए नियमों का पालन अनिवार्य है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि इस तरह के अभियानों को भविष्य में भी जारी रखा जाएगा।




