Advertisement
Advertisement
होम / Gurugram Stunt Arrest: गुरुग्राम में स्टंटबाज बने ‘हीरो’, पुलिस ने बना दिया ‘जीरो’, 4 युवक गिरफ्तार, लग्जरी गाड़ियां जब्त

Gurugram Stunt Arrest: गुरुग्राम में स्टंटबाज बने ‘हीरो’, पुलिस ने बना दिया ‘जीरो’, 4 युवक गिरफ्तार, लग्जरी गाड़ियां जब्त

BY: • LAST UPDATED : June 9, 2025
Inkhabar Haryana, Gurugram Stunt Arrest: गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और खतरनाक स्टंट कर सोशल मीडिया पर छा जाने वाले चार युवकों को अब कानून का सामना करना पड़ रहा है। बजघेड़ा थाना पुलिस ने सेक्टर 81 इलाके से पुष्पेंद्र, रोहित, तरुण और चेतन नामक चार युवकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी युवक चलती कारों की छतों पर खड़े होकर स्टंट कर रहे थे, जिनका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।

कैसे हुआ मामला उजागर?

कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें द्वारका एक्सप्रेसवे पर युवकों को चलती मर्सिडीज और स्कॉर्पियो जैसी लग्जरी गाड़ियों पर स्टंट करते देखा गया। यह वीडियो न सिर्फ ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहा था, बल्कि आम लोगों की जान को भी खतरे में डाल रहा था। वीडियो के वायरल होते ही गुरुग्राम पुलिस ने इसकी गंभीरता को समझते हुए जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान बजघेड़ा थाना पुलिस को चारों युवकों की पहचान हो गई। शनिवार रात पुलिस ने विशेष छापेमारी करते हुए सेक्टर 81 से इन्हें गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से स्टंट में इस्तेमाल की गई मर्सिडीज और महिंद्रा स्कॉर्पियो भी जब्त की गई हैं।

आरोपियों की स्वीकारोक्ति और माफी

पुलिस पूछताछ में चारों युवकों ने स्टंट करने की बात कबूल कर ली है। उन्होंने यह भी माना कि उन्होंने सोशल मीडिया पर पॉपुलर होने के लिए यह हरकत की थी। पुलिस के समक्ष उन्होंने माफी मांगते हुए कहा कि हमसे गलती हो गई, कृपया आप लोग इसे दोहराएं नहीं। अब वे आम जनता से भी अपील कर रहे हैं कि ऐसे खतरनाक स्टंट ना करें, क्योंकि यह न सिर्फ उनकी बल्कि दूसरों की जिंदगी भी जोखिम में डाल सकता है।

Advertisement

पुलिस की चेतावनी

गुरुग्राम पुलिस ने इन युवकों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं, मोटर व्हीकल एक्ट और सार्वजनिक सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के तहत केस दर्ज कर लिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह कोई ट्रेंड बन चुका है जिसमें और युवक शामिल हो सकते हैं। गुरुग्राम पुलिस ने इस घटना के बाद सख्त संदेश जारी करते हुए कहा है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जनता से अपील की गई है कि यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार के स्टंट करता दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें।