




Inkhabar Haryana, Haryana free bus service on Raksha Bandhan: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर हरियाणा सरकार द्वारा महिलाओं और बच्चों को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सौगात दी गई है। इस पहल के तहत 9 अगस्त को दोपहर 12 बजे से लेकर 10 अगस्त की रात 12 बजे तक हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में सभी आयु वर्ग की महिलाएं और 15 वर्ष तक के बच्चे निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे। यह कदम राज्य सरकार द्वारा सामाजिक समरसता और महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने बुधवार को ही इस योजना की औपचारिक घोषणा की थी और साथ ही प्रदेश के सभी महाप्रबंधकों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दे दिए गए थे।
राज्य परिवहन विभाग ने 8 से 10 अगस्त तक सभी चालकों और परिचालकों के अवकाश रद्द कर दिए हैं, ताकि किसी भी यात्री को यात्रा के दौरान असुविधा न हो। हरियाणा रोडवेज की करीब 4700 से अधिक साधारण बसें रक्षाबंधन के मौके पर सड़कों पर दौड़ेंगी, जिनमें महिलाओं और बच्चों को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
सरकारी बसों के साथ-साथ सहकारी (को-ऑपरेटिव) बस यूनियनों के बीच इस योजना को लेकर मतभेद देखने को मिले। ट्रांसपोर्ट सोसाइटीज बस वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा ने इस योजना को समर्थन देते हुए रक्षाबंधन पर सहकारी बसों में भी महिलाओं और बच्चों को मुफ्त यात्रा कराने पर सहमति जता दी है। एसोसिएशन के राज्य प्रधान दलबीर सिंह मोर ने जानकारी दी कि उनकी राज्य परिवहन निगम के आयुक्त एवं सचिव टीएल सत्य प्रकाश से चंडीगढ़ में मुलाकात हुई थी, जहां उन्हें आश्वासन मिला कि भविष्य में सहकारी समितियों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। इसी आधार पर यूनियन ने संचालित 1800 बसों में मुफ्त सफर कराने का निर्णय लिया।
दलबीर मोर ने स्पष्ट किया कि दूसरी यूनियन से हमारा कोई लेना-देना नहीं है। हमारी यूनियन के निर्णय के तहत ही सभी बसें संचालित होंगी। वहीं, स्टेज कैरिज बस ऑपरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन इस फैसले को लेकर अभी पूरी तरह एकमत नहीं है। संघ के राज्य उप प्रधान डॉ. धन सिंह ने कहा कि शुक्रवार सुबह 11 बजे के बाद कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इस स्थिति ने सहकारी बस यूनियनों के बीच असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है, लेकिन बहुसंख्यक बसें ट्रांसपोर्ट सोसाइटीज यूनियन के अधीन हैं, इसलिए ज्यादा असर देखने की संभावना कम है।




