Inkhabar Haryana, Hisar road accident: हरियाणा के हिसार में लांधड़ी-चिकनवास टोल प्लाजा पर सोमवार शाम को एक भीषण हादसा हुआ, जब सिरसा की ओर जा रहा एक बेकाबू ट्राला डिवाइडर से टकरा गया और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। आग की लपटों ने टोल बूथ को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे करोड़ों रुपये का नुकसान हो गया और टोल प्लाजा का संचालन पूरी तरह ठप हो गया।
कैसे हुआ हादसा?
सोमवार शाम करीब 6 बजकर 15 मिनट पर ट्राला लेन नंबर-6 में तेज रफ्तार से पहुंचा। ड्राइवर के नियंत्रण खो देने पर ट्राला सीधे डिवाइडर से जा टकराया। मौके पर मौजूद टोल बूथ कर्मचारी और कुछ स्थानीय युवक, हादसे की आशंका भांपते ही वहां से भाग खड़े हुए। टक्कर के बाद ट्राले ने बूथ को भी जोरदार टक्कर मारी, जिससे उसमें आग लग गई।
आग की चपेट में टोल बूथ
ट्राले में लगी आग तेजी से बूथ तक पहुंच गई। टोल प्लाजा मैनेजर कमल के अनुसार, हादसे के वक्त ड्राइवर नशे में था और आग लगने के बावजूद गाड़ी से उतरने को तैयार नहीं था। कर्मचारियों ने उसे किसी तरह नीचे उतारा। ड्राइवर, जिसकी पहचान गांव दुर्जनपुर निवासी गुलाब सिंह के रूप में हुई, घायल हो गया और उसे एंबुलेंस से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
आग बुझाने के प्रयास
टोल कर्मचारियों ने सिलिंडर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि प्रयास नाकाम रहे। करीब 30-40 मिनट बाद हिसार और बरवाला से पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाया। तब तक टोल बूथ की पूरी वायरिंग जलकर राख हो चुकी थी, सिस्टम बंद हो गया और बूम बैरियर काम करना बंद कर गए। परिणामस्वरूप, सोमवार शाम से ही लांधड़ी टोल प्लाजा पर वाहनों का आवागमन फ्री कर दिया गया।
भारी आर्थिक नुकसान
टोल मैनेजर कमल ने बताया कि हादसे में करीब 6 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बूथ, वायरिंग और अन्य उपकरण पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। फिलहाल, ट्राले को एक ओर खड़ा कर दिया गया है और पुलिस ने दस्तावेजों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अग्रोहा थाना प्रभारी रिछपाल के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है और फिलहाल टोल प्रबंधन की ओर से कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।