Advertisement
Advertisement
होम / Illegal Parking Drive in Ambala: अंबाला नगर परिषद् और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर सख्ती

Illegal Parking Drive in Ambala: अंबाला नगर परिषद् और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर सख्ती

BY: • LAST UPDATED : May 31, 2025
Inkhabar Haryana, Illegal Parking Drive in Ambala: अंबाला छावनी के विभिन्न बाजारों में लंबे समय से अवैध पार्किंग और दुकानदारों द्वारा सड़कों पर सामान फैलाने की समस्या लोगों के लिए भारी परेशानी बनी हुई थी। इस कारण बाजारों में भीषण जाम की स्थिति बनती थी और राहगीरों व दुकानदारों दोनों को निकासी में मुश्किलें होती थीं। कई बार लोग इस समस्या को लेकर पुलिस और नगर परिषद् के अधिकारियों से शिकायत भी कर चुके थे। इसी शिकायत के आधार पर देर शाम अंबाला नगर परिषद् और अंबाला पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाकर इन समस्या को जड़ से खत्म करने का निर्णय लिया।

बिना नंबर प्लेट के वाहनों पर हुई कार्रवाई

इस अभियान में मुख्य रूप से उन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई जो बिना नंबर प्लेट के, गलत जगह पर या अवैध रूप से पार्क किए गए थे। पुलिस ने इन वाहनों के चालान काटे और कुछ वाहनों को जब्त भी किया। वहीं, दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर रखे गए सामान को नगर परिषद ने जब्त किया तथा कुछ दुकानदारों को समझाकर अपना सामान दुकानों के अंदर ही रखने के लिए कहा गया। यह अभियान अंबाला छावनी के कई प्रमुख बाजारों में व्यापक स्तर पर चलाया गया।

राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को होती है असुविधा

नगर परिषद के अधिकारी गुलाब सिंह ने बताया कि कई लोग बार-बार सड़कों के बीच अपनी गाड़ियां खड़ी कर देते हैं, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भारी असुविधा होती है। इसके अलावा, दुकानदार भी अपने सामान को दुकानों के बाहर अवैध रूप से रख देते हैं, जिससे सड़कों पर चलना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा पहले भी लोगों को कई बार समझाया गया है कि सामान बाहर न रखें, लेकिन कई लोग इसका पालन नहीं करते हैं, इसलिए अब कड़ी कार्रवाई जरूरी हो गई है।

पूरी व्यवस्था होने के बावजूद लोग कर रहें नियमों का उल्लंघन

पुलिस थाना सदर अंबाला कैंट के SHO अजायब सिंह ने बताया कि यह अभियान विशेष रूप से उन लोगों के खिलाफ है जिन्होंने अवैध अतिक्रमण किया है या बिना नंबर वाले वाहन लेकर घूमते हैं। उन्होंने कहा कि अंबाला में पार्किंग की उचित व्यवस्था उपलब्ध है, लेकिन लोग जानबूझकर नियमों का उल्लंघन कर गलत जगहों पर वाहन पार्क कर देते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ यह जॉइंट कार्रवाई लगातार जारी रहेगी ताकि शहर में कानून व्यवस्था बेहतर हो और आम जनता को राहत मिल सके।

Advertisement