Inkhabar Haryana, Kaithal road accident: हिसार जिले के क्योड़क गांव के पास सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार बुजुर्ग श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब सात बजे उस समय हुआ जब हरियाणा रोडवेज हिसार डिपो की बस और एक पिकअप गाड़ी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप गाड़ी सड़क से नीचे गड्ढों में पलट गई।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस की मदद से शहर के निजी शाह अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही सदर थाना और क्योड़क पुलिस चौकी की टीम भी मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
4 बुजुर्गों की हुई मौत
मृतकों की पहचान पंजाब के फरीदकोट जिले के गांव रामेआला निवासी 62 वर्षीय नरेंद्र कुमार, 57 वर्षीय हकीकत सिंह, 67 वर्षीय काकू सिंह और 60 वर्षीय मक्खन सिंह के रूप में हुई है। सभी लोग रविवार शाम को कैथल पहुंचे थे और रात को मंजी साहिब गुरुद्वारा में रुके थे। सोमवार तड़के वे पिहोवा गुरुद्वारा में बाबा दलीप सिंह, बाबा जीवन सिंह और बाबा जंगीर सिंह की बरसी पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे।
कैसै हुआ हादसा?
बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी पिकअप गाड़ी गांव क्योड़क के पास नेशनल हाईवे पर पहुंची, तभी रोडवेज बस चालक की तेज गति और लापरवाही के कारण दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि चार बुजुर्गों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और राहत कार्यों में जुट गए। पुलिस ने घटनास्थल से वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारु किया।