Inkhabar Haryana, Kurukshetra Road Accident: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पिहोवा रोड पर गांव लोहार माजरा के पास एक निजी बस और क्रेटा कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के पीछे कांवड़ियों को बचाने की कोशिश और ओवरस्पीडिंग को संभावित कारण माना जा रहा है।
कैसे हुआ हादसा?
घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे की है। पिहोवा रोड पर स्थित लोहार माजरा गांव के पास यह भीषण टक्कर हुई। तेज रफ्तार में आ रही निजी बस और सामने से आ रही क्रेटा कार आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर ही दो लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, क्रेटा कार में सवार सभी लोग आपस में रिश्तेदार थे और सारसा गांव निवासी थे। कार चला रहे सुखदेव अपने भाई गुरुदेव, जिनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, को इलाज के लिए करनाल ले जा रहे थे। उनके साथ कार में मौसेरे भाई रोहताश और कुलदीप भी मौजूद थे। रास्ते में, लोहार माजरा गांव के पास जब उनकी गाड़ी कांवड़ियों को बचाने के लिए सड़क के किनारे से निकली, उसी समय सामने से आ रही तेज रफ्तार बस से भिड़ंत हो गई। इस टक्कर में गुरुदेव और कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों को अस्पताल रेफरल किया गया
हादसे में कार चला रहे सुखदेव, उनके मौसेरे भाई रोहताश और बस में सवार एक महिला यात्री को गंभीर चोटें आईं। सभी घायलों को तुरंत लोकनायक जय प्रकाश नारायण जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद, महिला को शहर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहीं, सुखदेव को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज करनाल और रोहताश को PGI चंडीगढ़ भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
क्या हैं चश्मदीदों का कहना?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर चल रहे कांवड़ यात्रियों को देखकर वाहन चालक ने ब्रेक मारा और वाहन को मोड़ने की कोशिश की, जिससे नियंत्रण बिगड़ा और आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर लंबा जाम लग गया जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हटवाया और यातायात सामान्य करवाया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीड को हादसे का कारण बताया है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि बाकी है। पुलिस बस चालक और बस मालिक की जानकारी जुटा रही है और हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है।