Inkhabar Haryana, MahaKumbh 2025: महाकुंभ 2025 में जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेशभर से विशेष बस सेवाएं शुरू की जा रही हैं। इसी कड़ी में फतेहाबाद से भी आज से प्रयागराज के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू कर दी गई। परिवहन मंत्री अनिल विज के आदेश पर यह पहल की गई, जिसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुगम और किफायती यात्रा उपलब्ध कराना है।
12:30 बजे रवाना हुई पहली बस
पहले दिन बस की रवानगी का समय दोपहर 12:00 बजे निर्धारित किया गया था, लेकिन यह बस 12:30 बजे फतेहाबाद से प्रयागराज के लिए रवाना हुई। फतेहाबाद रोडवेज के महाप्रबंधक (जीएम) अजय दलाल और अन्य स्टाफ ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। इस सेवा के तहत रोजाना सुबह 10:00 बजे फतेहाबाद से प्रयागराज के लिए बस रवाना होगी।
950 किलोमीटर का सफर, 1200 रुपए किराया
फतेहाबाद से प्रयागराज की कुल दूरी लगभग 950 किलोमीटर है, जिसे यह बस तय करेगी। इस यात्रा के लिए प्रत्येक यात्री को एक तरफ के सफर के लिए 1200 रुपए किराया देना होगा। बस में दो ड्राइवर, एक कंडक्टर और एक मैकेनिक मौजूद रहेगा, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी तकनीकी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके।
प्रयागराज में 12 घंटे का ठहराव
यह बस प्रयागराज पहुंचने के बाद 12 घंटे तक वहां रुकेगी और फिर फतेहाबाद के लिए वापस रवाना होगी। श्रद्धालु इस अवधि के दौरान महाकुंभ में स्नान और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले सकते हैं।
फतेहाबाद रोडवेज जीएम अजय दलाल ने बताया कि आज से फतेहाबाद से प्रयागराज के लिए विशेष बस सेवा शुरू की गई है। यह बस रोजाना सुबह 10:00 बजे रवाना होगी और लगभग 950 किलोमीटर का सफर तय करेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस में सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।