




सीसीटीवी में नजर आ रहा है कि दोनों वाहन तेज गति में थे और बाईपास पर एक मोड़ के पास अचानक आमने-सामने आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियां सड़क से उछलकर सीधी बाजरे के खेत में जा गिरीं। इस भीषण टक्कर में पुलिस विभाग के एएसआई कमल और हेड कांस्टेबल रामपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और घायलों की सहायता में जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ ही मिनटों में 112 नंबर की इमरजेंसी पुलिस सहायता वाहन मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया।
राहत बचाव का कार्य शुरू ही हुआ था कि इसी दौरान एक ऑल्टो कार आकर 112 नंबर की पुलिस वाहन से हल्के तौर पर टकरा गई। हालांकि यह टक्कर मामूली रही और इसमें किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन इसने अफरा-तफरी का माहौल और बढ़ा दिया। लोगों को कुछ समय के लिए लगा कि शायद यह एक और बड़ा हादसा हो गया है। हादसे के कारण बाईपास पर कुछ देर के लिए यातायात ठप हो गया और तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर स्थिति को संभाला और घायल कर्मियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर टक्कर की असली वजह क्या रही—क्या ओवरस्पीड, लापरवाही या दृश्य अवरोध इसके पीछे कारण रहे।




