




Inkhabar Haryana, Ayodhya Ram Mandir Pran Pratishtha: अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ का तीन दिवसीय भव्य उत्सव 11 जनवरी 2025 से शुरू हो गया है। पूरे विश्व की निगाहें इस ऐतिहासिक आयोजन पर टिकी हुई हैं। 22 जनवरी 2024 को हिंदू पंचांग के अनुसार पौष शुक्ल द्वादशी तिथि पर भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई थी। इस बार 11 जनवरी को पौष शुक्ल द्वादशी पड़ने के कारण यह उत्सव हिंदू तिथि के आधार पर मनाया जा रहा है।
11 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन का शुभारंभ करेंगे। वह रामलला का अभिषेक करेंगे और श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। उनके साथ दोनों उपमुख्यमंत्री और कई गणमान्य हस्तियां भी इस आयोजन में शामिल होंगी। यह उत्सव 13 जनवरी तक चलेगा और पूरे अयोध्या में धार्मिक, सांस्कृतिक और भक्ति का माहौल देखने को मिलेगा।
इस उत्सव में भक्ति संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण होंगी। प्रसिद्ध गायिका उषा मंगेशकर और मयूरेश पई भजन के माध्यम से राग सेवा की शुरुआत करेंगे। इसके बाद सितार और वायलिन की जुगलबंदी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेगी। 12 जनवरी को लोकगायिका शैलेश श्रीवास्तव द्वारा सोहर की प्रस्तुति दी जाएगी। पहले दिन सोनू निगम, शंकर महादेवन, और मालिनी अवस्थी द्वारा गाए गए भजनों का विमोचन भी होगा।
पूरे आयोजन के दौरान राम धुन का कीर्तन, सुंदरकांड का पाठ, राम रक्षा स्त्रोत, बीज मंत्र और ऋग्वेद-यजुर्वेद के श्लोकों का पाठ किया जाएगा। मंदिर परिसर में साधु-संतों के सान्निध्य में विशेष पूजन और अनुष्ठान आयोजित किए गए हैं। इन धार्मिक कार्यक्रमों से अयोध्या में एक बार फिर त्रेतायुग जैसा माहौल बन गया है।
कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। कार्यक्रम के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। प्रवेश द्वारों पर चेकिंग की जाएगी और विशेष सुरक्षा निगरानी रखी जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दूरदर्शन पर इस उत्सव का लाइव प्रसारण कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग रामलला के दर्शन कर सकें।




