




बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर मिनय कुमार अपनी टीम के साथ 11 जनवरी को गांव मौड़ी में बिजली चोरी की जांच और बकाया बिल की जानकारी देने पहुंचे थे। विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ उपभोक्ता बिना मीटर के सीधे तार लगाकर बिजली का उपयोग कर रहे हैं।
जांच के दौरान टीम अजीत सिंह के घर पहुंची, जहां उनकी पत्नी राजबाला और बेटा राहुल मौजूद थे। विभाग ने पाया कि घर का बिजली मीटर उतारा गया था, लेकिन केबल के जरिए डायरेक्ट कनेक्शन से बिजली चोरी हो रही थी। जब JE ने लाइनमैन को यह कनेक्शन हटाने के लिए कहा, तो घर के सदस्यों ने इसका विरोध किया।
JE मिनय कुमार के अनुसार, जब उन्होंने बिजली चोरी रोकने का प्रयास किया, तो घर में मौजूद राजबाला और राहुल ने गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध के दौरान मां-बेटे ने डंडों से JE की पिटाई की। इस बीच JE ने डायल 112 पर पुलिस को सूचित करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने फोन छीनने का प्रयास किया।
घटना के बाद घायल JE को दादरी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज हुआ। घटना के वीडियो में राहुल ने बिजली चोरी की बात स्वीकार की और टीम पर हमला करते हुए देखा गया।
घटना के संबंध में बिजली विभाग ने झोझूकलां थाने में शिकायत दर्ज कराई। सदर थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि घायल JE के बयान के आधार पर आरोपी मां-बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बिजली विभाग के अधिकारी ने बताया कि JE मिनय कुमार को मौड़ी सहित आसपास के गांवों में मीटर फॉल्ट और बकाया बिल वसूली के निर्देश दिए गए थे। विभाग ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।




