Inkhabar Haryana, Goodbye 2024: साल 2024 हरियाणा के लिए राजनीतिक उठापटक, खेल की उपलब्धियों और किसान आंदोलन जैसे कई घटनाओं का गवाह रहा। प्रदेश ने नई सरकार के गठन, लोकसभा और विधानसभा चुनावों में बड़े बदलाव, खेल के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता और सामाजिक आंदोलनों को देखा।
राजनीतिक घटनाक्रम और गठबंधन की राजनीति
साल की शुरुआत मनोहर लाल सरकार के पांचवें और अंतिम बजट के साथ हुई। हालांकि, 12 मार्च 2024 को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस्तीफा देकर बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल टूट गया। इसके बाद, नायब सैनी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और उनके साथ पांच अन्य मंत्रियों ने भी पदभार संभाला।
लोकसभा चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस ने 5-5 सीटें जीतीं। यह 2014 के बाद हरियाणा में बीजेपी का सबसे कमजोर प्रदर्शन रहा। इनेलो और जेजेपी को कोई सीट नहीं मिली, जबकि कांग्रेस और आप गठबंधन भी एकमात्र सीट जीतने में असफल रहा।
कांग्रेस में असंतोष और बीजेपी में नई एंट्री
जून में किरण चौधरी और उनकी बेटी श्रुति चौधरी ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थाम लिया। किरण चौधरी को राज्यसभा और श्रुति चौधरी को कैबिनेट मंत्री का पद मिला। वहीं, पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया कांग्रेस में शामिल हुए।
विधानसभा चुनाव और नई सरकार का गठन
अक्टूबर में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 48, कांग्रेस ने 37, इनेलो ने 2 और 3 निर्दलीय विधायकों ने जीत हासिल की। निर्दलीय विधायकों के समर्थन से बीजेपी ने बहुमत साबित किया। नायब सैनी ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ 13 कैबिनेट मंत्रियों और 2 राज्य मंत्रियों ने भी पदभार ग्रहण किया।
खेलों में हरियाणा का दबदबा
पेरिस ओलंपिक में भारत ने 6 मेडल जीते, जिनमें से 5 हरियाणा के खिलाड़ियों के नाम रहे। नीरज चोपड़ा ने सिल्वर, जबकि मनु भाकर ने दो ब्रॉन्ज मेडल जीते। हॉकी टीम में हरियाणा के तीन खिलाड़ियों ने ब्रॉन्ज जीतने में अहम भूमिका निभाई। विनेश फोगाट, हालांकि, वजन अधिक होने के कारण मेडल से चूक गईं।
किसान आंदोलन और सामाजिक मुद्दे
13 फरवरी 2024 को शंभू बॉर्डर और खनौरी बॉर्डर पर किसानों का प्रदर्शन फिर शुरू हुआ, जिसमें एमएसपी की कानूनी गारंटी प्रमुख मांग रही। सुप्रीम कोर्ट द्वारा बनाई गई सुलह समिति के प्रयास अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे।
हरियाणा ने खोया अपना लाल
दिसंबर में हरियाणा के 5 बार रह चुके सीएम और इनेलो नेता ओम प्रकाश चौटाला का निधन हुआ, जिसके बाद पूरा राज्य शोक में डूब गया। इस शोक की घड़ी में उनका पूरा परिवार एकजुट नजर आया और पूरे विधि-विधान से उनका अंतिम संस्कार को सम्पन किया गया।
अन्य मुख्य घटनाएं
- साक्षी मलिक ने अपनी किताब विटनेस प्रकाशित की, जिसमें कई विवादास्पद मुद्दे उजागर किए गए।
- ओलंपिक में सफल खिलाड़ियों को हरियाणा सरकार द्वारा सम्मानित किया गया।
- अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन कुरुक्षेत्र में हुआ, जिसमें तंजानिया पार्टनर देश और उड़ीसा पार्टनर प्रदेश रहा।
Chandigarh News: नए साल को लेकर चंडीगढ़ के हर सेक्टर में पुलिस का पहरा, महिलाओं को मिलेगी ये खास सेवा