




Inkhabar Haryana, Mahakumbh 2025: प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ 2025 का आज 22वां दिन है और वसंत पंचमी के पावन अवसर पर चौथा अमृत स्नान है। संगम तट पर आस्था, भक्ति और दिव्यता का महासंगम देखने को मिल रहा है। लाखों श्रद्धालु पुण्य लाभ के लिए संगम में डुबकी लगा रहे हैं, जबकि नागा संन्यासी, अखाड़ों के संत और देश-विदेश से आए भक्त इस दिव्य आयोजन का हिस्सा बन रहे हैं।
संगम जाने वाले सभी मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। प्रयागराज जंक्शन से संगम तक 8 से 10 किलोमीटर तक लोग पैदल यात्रा कर रहे हैं। भीड़ की अधिकता को देखते हुए प्रसिद्ध लेटे हनुमान मंदिर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, जबकि मेला क्षेत्र के सभी रास्तों को वन-वे किया गया है।
सुरक्षा की दृष्टि से 60 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा, 100 से अधिक नए IPS अफसरों को भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हेलिकॉप्टर से भीड़ की निगरानी की जा रही है और 2750 CCTV कैमरे सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। लखनऊ में सीएम आवास पर एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डीजीपी, प्रमुख सचिव गृह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी तड़के 3 बजे से लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।




