




Inkhabar Haryana, MahaKumbh 2025: हरियाणा के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री रणबीर गंगवा ने चंडीगढ़ में एक प्रेस वार्ता के दौरान कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और विचार साझा किए। उन्होंने महाकुंभ मेले से लेकर राज्य में हो रहे विकास कार्यों तक, हरियाणा सरकार की योजनाओं और प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला।
मंत्री गंगवा ने महाकुंभ मेले को पूरे देश के लिए आस्था का केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि आगामी 7 फरवरी को हरियाणा के मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और विधायक संगम में पवित्र डुबकी लगाएंगे। यह कदम न केवल धार्मिक आस्था को प्रकट करता है, बल्कि संस्कृति और परंपराओं को बनाए रखने का भी प्रतीक है।
रणबीर गंगवा ने बताया कि हरियाणा में बीजेपी सरकार तीसरी बार बनी है और शुरुआत से ही एक्शन मोड में काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को शुरू के दिन से ही निर्देश दिए थे कि विकास कार्यों में तेजी लाएं और गुणवत्तापूर्ण काम सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और जरूरत पड़ने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा में सड़कों का जाल 30,152 किलोमीटर तक फैला हुआ है, जिसमें से हर साल लगभग 5,000 किलोमीटर सड़कों की कारपेटिंग की जाती है। मंत्री ने बताया कि सड़कों की लंबी आयु और बेहतर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक तकनीकों और मानकों का पालन किया जा रहा है।
मंत्री गंगवा ने जनजीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि गांवों में पाइपलाइन बिछाने, वाटर बॉक्स बनाने और बूस्टिंग स्टेशन स्थापित करने का काम तेजी से हो रहा है। इसके अलावा, 10,000 से अधिक आबादी वाले गांवों को “महाग्राम योजना” के तहत विकसित किया जा रहा है।
महाग्राम योजना के तहत अब तक पांच गांवों में कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक गांवों में काम प्रगति पर है। इन गांवों में सीवरेज, पीने का पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार उन लोगों के लिए घर उपलब्ध कराने का काम कर रही है, जिनके पास अपनी छत नहीं है। गांवों में गरीबों को जमीन उपलब्ध कराने के लिए सरकार विशेष योजनाएं चला रही है। जहां पंचायत की जमीन नहीं है, वहां सरकार जमीन खरीदकर जरूरतमंदों को प्लॉट देगी।




