Advertisement
Advertisement
होम / Nuh News: नूंह में मस्जिद के पास बने एक अनोखे घर ने सोशल मीडिया पर मचाया तहलका

Nuh News: नूंह में मस्जिद के पास बने एक अनोखे घर ने सोशल मीडिया पर मचाया तहलका

BY: • LAST UPDATED : November 22, 2024

Inkhabar Haryana, Nuh News: हरियाणा के नूंह जिले के पुन्हाना उपमंडल के पैमाखेड़ा गांव में बने एक अनोखे घर ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। यह घर मस्जिद के पास सड़क के ऊपर बना है और इस घर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। कई लोग इसे अवैध कब्जा मान रहे हैं और इस निर्माण पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि घर के मालिक और मस्जिद के कर्मचारी ने इसे अपनी निजी संपत्ति बताया है और किसी भी अवैध निर्माण से इनकार किया है।

क्या है इस घर का विवाद

मास्टर प्लान से हटकर बने इस घर की तस्वीरों ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को बल्कि सोशल मीडिया यूजर्स को भी हैरान कर दिया है। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि सड़क के ऊपर स्लैब डालकर दो मंजिला मकान बनाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यह अवैध कब्जा है और इससे सड़क बाधित हो रही है।

मीडिया से बात करते हुए इस मकान के मालिक मोहम्मद इंसाफ ने कहा कि यह मकान मेरी निजी जमीन पर बना है और इस पर किसी का कोई अधिकार नहीं है। अगर किसी को कोई आपत्ति थी तो वह निर्माण के दौरान ही शिकायत दर्ज करा सकता था। उन्होंने कहा कि यह उनका निजी खेत और मकान है, जिसमें किसी भी तरह का कोई अवैध निर्माण नहीं किया गया है।

Advertisement

मस्जिद का कर्मचारी भी सामने आया

मस्जिद में काम करने वाले कर्मचारी मोहम्मद शाहिद ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यह जमीन हमारी निजी संपत्ति है और मस्जिद का इससे कोई लेना-देना नहीं है। यहां कोई सार्वजनिक या पंचायती जमीन नहीं है। शाहिद ने यह भी बताया कि मस्जिद अलग जगह पर बनाई गई है और यह रास्ता सिर्फ उनके परिवार का है।

हालांकि, जब इस मुद्दे पर नूंह के SDM संजय धत्तरवाल की प्रतिक्रिया ली गई तो उन्होंने इस मामले पर मीडिया से कैमरे पर बात करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि  इस घटना की जानकारी उन्हें नहीं है।

क्या यह अवैध कब्जा

जहां एक तरफ सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह घर अवैध कब्जे पर बना है, वहीं दूसरी तरफ घर के मालिक और मस्जिद के कर्मचारी इसे अपनी निजी संपत्ति मानते हैं। एक और खास बात यह है कि जिस जगह यह घर बनाया जा रहा है, वहां से सड़क गुजर रही है, लेकिन सड़क को पूरी तरह से बंद नहीं किया गया है, बल्कि सुरंग जैसा रास्ता छोड़ दिया गया है।