Inkhabar Haryana, Om Prakash Chautala: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला का निधन प्रदेश और देश की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति है। उनके निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव चौटाला लाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
हरियाणा और पंजाब समेत देशभर के नेता होगें शामिल
ओमप्रकाश चौटाला का पार्थिव शरीर सिरसा स्थित तेजा खेड़ा फार्म हाउस में रखा गया है। आज सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक उनके अंतिम दर्शन किए जा सकते हैं। इस दौरान हरियाणा और पंजाब समेत देशभर के कई दिग्गज नेताओं के पहुंचने की संभावना है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई वरिष्ठ नेता श्रद्धांजलि देने के लिए यहां आएंगे।
परिवार के सदस्यों और नेताओं की उपस्थिति
चौटाला परिवार के सदस्य, जिनमें अजय चौटाला, दुष्यंत चौटाला, दिग्विजय चौटाला और नैना चौटाला शामिल हैं, तेजा खेड़ा फार्म हाउस में पहुंच चुके हैं। रणजीत सिंह चौटाला भी परिवार के साथ श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इससे पहले अभय चौटाला और अर्जुन चौटाला पहले से ही फार्म हाउस में मौजूद थे।तेजा खेड़ा फार्म हाउस में नेताओं और समर्थकों का जमावड़ा जारी है। चौटाला परिवार के प्रति सम्मान और संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए राजनीतिक जगत से जुड़े कई वरिष्ठ नेता यहां पहुंच रहे हैं।
गांव चौटाला में होगा अंतिम संस्कार
पूर्व मुख्यमंत्री का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव चौटाला में किया जाएगा। उनके निधन से हरियाणा की राजनीति में एक युग का अंत हो गया है। उनके योगदान को याद करते हुए प्रदेश और देश के नेता अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।