Inkhabar Haryana, Om Prakash Chautala: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के सुप्रीमो स्वर्गीय चौधरी ओमप्रकाश चौटाला का अंतिम संस्कार 23 दिसंबर को उनके पैतृक गांव तेजाखेड़ा फार्म में पूरे सम्मान के साथ संपन्न हुआ। उनकी अस्थियां 25 दिसंबर को उनके पोत्र कर्ण चौटाला और अर्जुन चौटाला ने हरिद्वार में गंगा नदी में विसर्जित कीं। इनेलो ने उनकी स्मृति और श्रद्धांजलि के लिए प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया है।
22 जिलों में निकलेगीं अस्थि कलश यात्रा
इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने बताया कि स्वर्गीय चौटाला जी को श्रद्धांजलि देने के लिए 27 से 29 दिसंबर तक हरियाणा के सभी 22 जिलों में अस्थि कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा का उद्देश्य उन लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर देना है, जो किसी कारणवश उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके।
यात्रा के दौरान प्रत्येक जिले के लिए अलग-अलग 22 कलश तैयार किए गए हैं, जिनमें स्वर्गीय चौटाला जी की अस्थियां होंगी। इन्हें संबंधित जिलों के जलस्रोतों में विसर्जित किया जाएगा।
यात्रा का कार्यक्रम:
- 27 दिसंबर: यात्रा फतेहाबाद से शुरू होकर हिसार, भिवानी, दादरी, महेंद्रगढ़ (नारनौल) और रेवाड़ी तक जाएगी।
- 28 दिसंबर: यात्रा गुरुग्राम से शुरू होकर फरीदाबाद, पलवल, मेवात, झज्जर, रोहतक और सोनीपत पहुंचेगी।
- 29 दिसंबर: यात्रा पानीपत से शुरू होकर जींद, कैथल, करनाल, यमुनानगर, पंचकूला, अंबाला और कुरुक्षेत्र में समाप्त होगी।
राष्ट्रीय स्तर पर श्रद्धांजलि
चौटाला जी की अस्थियां हरियाणा के साथ-साथ राजस्थान, पंजाब और उत्तर प्रदेश के तीर्थ स्थलों पर भी विसर्जित की जाएंगी। 31 दिसंबर को उनकी तेरहवीं पर चौटाला गांव स्थित साहबराम स्टेडियम में एक विशाल श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद उनकी अस्थियां पुष्कर (राजस्थान), आनंदपुर साहिब (पंजाब) और प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) में विसर्जित की जाएंगी।
कलश यात्रा में चौटाला परिवार के सदस्य, अदित्य देवीलाल, कर्ण चौटाला और अर्जुन चौटाला विशेष रूप से शामिल रहेंगे। इस आयोजन के लिए विशेष प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, ताकि श्रद्धांजलि कार्यक्रम में किसी प्रकार की कमी न रहे।
चौटाला जी की विरासत
स्वर्गीय चौधरी ओमप्रकाश चौटाला को हरियाणा के विकास और किसानों के उत्थान के लिए याद किया जाएगा। उनके नेतृत्व में किसानों, गरीबों और समाज के वंचित वर्गों को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। राजस्थान, पंजाब और उत्तर प्रदेश के किसानों के साथ उनका गहरा संबंध था, जो उनकी विरासत को व्यापकता प्रदान करता है।
OP Chautala: हरियाणा के लौह पुरुष ओम प्रकाश चौटाला पंचतत्व में हुए विलीन, बेटे अभय और अजय चौटाला ने दी मुखाग्नि