Advertisement
Advertisement
होम / Rao Narbir Singh: हरियाणा का प्रतिनिधिमंडल सऊदी अरब रवाना, सीओपी-16 में देगा यें संदेश

Rao Narbir Singh: हरियाणा का प्रतिनिधिमंडल सऊदी अरब रवाना, सीओपी-16 में देगा यें संदेश

BY: • LAST UPDATED : December 2, 2024

Inkhabar Haryana, Rao Narbir Singh News: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के नेतृत्व में प्रदेश का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल संयुक्त राष्ट्र के मरुस्थलीकरण रोकथाम सम्मेलन (यूएनसीसीडी) के 16वें सत्र (सीओपी-16) में भाग लेने के लिए रविवार को सऊदी अरब के रियाद के लिए रवाना हुआ। यह सम्मेलन 2 से 13 दिसंबर तक आयोजित होगा। सम्मेलन में हरियाणा का प्रतिनिधिमंडल वैश्विक मंच पर जलवायु परिवर्तन, भूमि संरक्षण और पर्यावरणीय चुनौतियों पर हरियाणा की उपलब्धियों और प्रयासों को प्रस्तुत करेगा।

प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख अधिकारी शामिल

हरियाणा के इस प्रतिनिधिमंडल में कैबिनेट मंत्री के साथ पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद मोहन शरण, हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड के अध्यक्ष रणदीप सिंह जौहर, प्रधान मुख्य वन संरक्षक विवेक सक्सेना और अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक डॉ. टी.पी. सिंह शामिल हैं।

वैश्विक सहयोग का मंच

बता दें कि, सीओपी-16 सम्मेलन वैश्विक स्तर पर ग्रीन ज़ोन व्यवसायों, वैज्ञानिकों, वित्तीय संस्थानों, गैर सरकारी संगठनों और प्रभावित समुदायों को भूमि बहाली और सूखे से निपटने के लिए स्थायी समाधान खोजने का एक प्रभावी मंच प्रदान करेगा। सम्मेलन का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देना और टिकाऊ पर्यावरणीय समाधानों को लागू करना है।

Advertisement

हरियाणा का पर्यावरण संरक्षण में योगदान

कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने रवाना होने से पहले कहा कि हरियाणा सरकार ने पर्यावरण और जल संरक्षण के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए पेरिस समझौते के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। राष्ट्रीय सौर मिशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं।

मंत्री ने जोर दिया कि विकसित देशों को विकासशील देशों को तकनीकी और वित्तीय सहायता प्रदान करनी चाहिए ताकि जलवायु परिवर्तन से लड़ाई को प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती का समाधान अकेले नहीं किया जा सकता,  इसके लिए सभी देशों के संयुक्त प्रयास की आवश्यकता है।

हरियाणा के प्रयासों का वैश्विक मंच पर प्रदर्शन

हरियाणा सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन और भूमि सुधार की दिशा में कई उल्लेखनीय पहल की हैं। हरियाणा में जल संरक्षण के लिए सूक्ष्म सिंचाई, ग्राउंडवाटर रिचार्जिंग और वन क्षेत्र बढ़ाने की योजनाओं को लागू किया गया है। इन प्रयासों को सीओपी-16 सम्मेलन में साझा किया जाएगा ताकि अन्य देशों के साथ अनुभव और समाधान साझा किए जा सकें।

वैश्विक सहयोग की आवश्यकता

मंत्री राव नरबीर सिंह ने सम्मेलन को एक बेहतरीन अवसर बताया, जहां विभिन्न देशों के प्रतिनिधि अपने अनुभव और समाधान साझा करेंगे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौती का सामना करने के लिए सामूहिक प्रयास और वैश्विक सहयोग अनिवार्य है।