Inkhabar Haryana, Sant Ravidas Jayanti 2025: नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने संत रविदास जी के जीवन दर्शन और समाज में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का संदेश
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने पूरी मानवता को प्रेम, समानता और भाईचारे का मार्ग दिखाया। उनका जीवन दर्शन सभी के लिए प्रेरणादायक है, और हमें उनके आदर्शों पर चलकर समाज में सद्भाव और एकता बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें संतों और महापुरुषों द्वारा दिखाए गए मार्ग का अनुसरण करते हुए समाज के कल्याण के लिए समर्पित रहना चाहिए।
संत रविदास जी का प्रेरणादायक जीवन
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी भारत के महान संत, समाज सुधारक और भक्त कवि थे, जिन्होंने समाज में व्याप्त भेदभाव और असमानता के खिलाफ अपनी आवाज उठाई। उनका जीवन संदेश मानवता, एकता और भाईचारे की प्रेरणा देता है। गुरु रविदास जी ने लोगों को जात-पात के भेदभाव से ऊपर उठकर समानता की भावना अपनाने का संदेश दिया, जो आज भी प्रासंगिक है।