Inkhabar Haryana, Women’s Day 2025: हर साल 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है, जो महिलाओं के अधिकारों, समानता और उनकी उपलब्धियों को पहचानने और सराहने का अवसर प्रदान करता है। यह दिन महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक योगदान को सम्मानित करने के साथ-साथ लैंगिक समानता को बढ़ावा देने का भी संदेश देता है। हरियाणा में इस खास दिन को यादगार बनाने के लिए पंचकूला के रेड बिशप होटल में एक स्टेट लेवल कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जहां विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 50 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी भी मौजूद रहेंगे और महिलाओं को सम्मानित करेंगे।
महिला दिवस क्यों मनाया जाता है?
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुरुआत 1908 में हुई थी, जब न्यूयॉर्क की महिलाओं ने अपने अधिकारों, बेहतर वेतन और वोटिंग के अधिकार के लिए प्रदर्शन किया था। 1910 में, क्लारा ज़ेटकिन ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को एक वैश्विक आयोजन के रूप में मनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे 1911 में पहली बार आधिकारिक रूप से मनाया गया। 1975 में संयुक्त राष्ट्र ने इसे आधिकारिक मान्यता दी और तब से यह दिन दुनिया भर में महिलाओं की उपलब्धियों और उनके अधिकारों की लड़ाई को रेखांकित करता आ रहा है।
हरियाणा में कौन-कौन होंगी सम्मानित?
इस वर्ष हरियाणा में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सुषमा स्वराज अवॉर्ड, इंदिरा गांधी महिला शक्ति अवॉर्ड, कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार और लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
सुषमा स्वराज अवॉर्ड
- करनाल की शांता रंगा को यह सम्मान दिया जाएगा।
- यह पुरस्कार 5 लाख रुपये की राशि के साथ प्रदान किया जाएगा।
- शांता रंगा ने युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सराहनीय कार्य किया है।
इंदिरा गांधी महिला शक्ति अवॉर्ड
- हिसार की बाला वर्मा और जींद की रेखा रानी धीमान को यह सम्मान दिया जाएगा।
कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार
- हांसी की मीनू देवी को यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
- अंबाला की कमलेश अरोड़ा को यह सम्मान दिया जाएगा।
- खेल जगत में उत्कृष्ट महिलाओं को भी मिलेगा सम्मान
- खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को भी इस मौके पर सम्मानित किया जाएगा। इसमें हरियाणा की कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
- भिवानी – सोनिका, प्रीति पंवार, जैसमीन लंबोरिया
- जींद – कुसुम, अंशु मलिक
- झज्जर – मनु भाकर, दीक्षा डागर
- फरीदाबाद – रिदम सांगवान
- कुरुक्षेत्र – रमिता जिंदल
- हिसार – अंतिम पंघाल
- सिरसा – भजन कौर
- चरखी दादरी – विनेश फौगाट
- रोहतक – रितिका हुड्डा
- पानीपत – निशा दहिया
- सोनीपत – किरण पहल
- पंचकूला – रैजा ढिल्लो
सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाली महिलाएं भी होंगी सम्मानित
समाज सेवा में योगदान देने वाली महिलाओं को भी इस कार्यक्रम में विशेष सम्मान मिलेगा।
- रीता धीमान, बनारसी देवी, पूनम और डॉ. विनिता तोमर को उनके सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
- महिला उद्यमिता के क्षेत्र में जींद की पिंकी देवी और गुरुग्राम की साक्षी को सम्मानित किया जाएगा।
- आंगनवाड़ी वर्कर्स और राष्ट्रीय बालिका दिवस पर सम्मानित बच्चियों को भी विशेष पुरस्कार दिया जाएगा।