Advertisement
Advertisement
होम / Haryana Weather News: हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि से बढ़ी ठंड, किसानों को फसलों के नुकसान की चिंता

Haryana Weather News: हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि से बढ़ी ठंड, किसानों को फसलों के नुकसान की चिंता

BY: • LAST UPDATED : December 28, 2024
Inkhabar Haryana, Haryana Weather News: हरियाणा में बीते गुरुवार रात से लगातार हो रही बूंदाबांदी ने ठंड का असर और बढ़ा दिया है। शुक्रवार को पूरा दिन और शनिवार सुबह भी बारिश जारी रही। इस बारिश से जहां लोगों को ठंड का अनुभव अधिक हुआ, वहीं किसानों के चेहरों पर राहत और चिंता दोनों के भाव देखने को मिले। बारिश के कारण खेतों में सिंचाई की जरूरत कम हो गई, जिससे किसानों का श्रम और संसाधन बचा है। हालांकि, किसान इस बात से चिंतित हैं कि ठंडी हवाओं के चलने से उनकी फसलों को नुकसान हो सकता है।

हिसार में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान

हिसार जिले में शुक्रवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश हुई। दोपहर करीब 3 बजे नारनौंद और हांसी क्षेत्र में तेज बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि ने दर्जनों गांवों को प्रभावित किया। इस ओलावृष्टि के कारण सरसों सहित कई फसलों को भारी नुकसान हुआ है।

ठंड के बढ़ने का असर आम जनजीवन पर भी पड़ा है। सुबह की सैर पर जाने वालों की संख्या में कमी देखी गई, और लोग घरों में ही गर्म कपड़ों में सिमटे नजर आए। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से विशेष गिरदावरी करवाकर मुआवजा देने की मांग की है। किसान संघों का कहना है कि ओलावृष्टि के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है, और इस नुकसान की भरपाई जरूरी है।

Advertisement

प्रशासन और कृषि विभाग की तैयारी

कृषि विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही उनकी टीमें फील्ड में जाकर फसल नुकसान का निरीक्षण करेंगी और इसकी रिपोर्ट तैयार करेंगी। किसानों को मुआवजा देने के लिए प्रशासन उचित कदम उठाएगा।