Inkhabar Haryana, Haryana Weather News: हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि के बाद ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। पहाड़ों से आ रही उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं ने प्रदेश को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। सर्द हवाओं, कोहरे और धूप न निकलने के कारण प्रदेश में ठंड का असर और भी बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ होगी।
कोहरे और शीतलहर की चेतावनी
रविवार को हरियाणा के अधिकांश जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। हिसार के बालसमंद और नारनौल में रात सबसे सर्द रही, जहां न्यूनतम तापमान 4.1 और 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बालसमंद, जींद और भिवानी प्रदेश के सबसे ठंडे स्थान रहे। ठंडी हवाओं और कोहरे के चलते वातावरण में नमी बढ़ गई है, जिससे सर्दी के प्रभाव और भी ज्यादा महसूस किए जा रहे हैं।
प्रदेश में 11 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है, जिनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और गुरुग्राम शामिल हैं। अन्य 13 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि घने कोहरे के कारण दृश्यता में कमी आ सकती है, जिससे यातायात और जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।
शीतलहर के साथ नए साल का आगमन
मौसम विभाग ने 31 दिसंबर से लेकर 3 जनवरी तक हरियाणा में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पलवल, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।