Inkhabar Haryana, Haryana Weather News: हरियाणा में सर्दी का असर बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में रात के न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हिसार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंडी हवाओं के कारण जहां प्रदूषण का स्तर गिरा, वहीं मौसम में ठिठुरन बढ़ गई है।
हल्का से मध्यम कोहरा छाने के असार
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है। हालांकि 1 और 2 दिसंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और वातावरण में नमी बढ़ने की संभावना है। इसके चलते सुबह और रात के समय कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा और स्मॉग छा सकता है। इस दौरान रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन दिन के तापमान में मामूली गिरावट की संभावना है।
कोहरे का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए राज्य के कई जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इनमें कुरुक्षेत्र, अंबाला, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, महेंद्रगढ़, सिरसा, हिसार, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे जिले शामिल हैं। इन जिलों में दृश्यता 50 से 100 मीटर के बीच रहने की संभावना है, जिससे यातायात बाधित हो सकता है।
ठंडी हवाओं के कारण पिछले 24 घंटों में हरियाणा के कुछ इलाकों में प्रदूषण के स्तर में सुधार हुआ है। अंबाला और पलवल की हवा सबसे साफ रही, जबकि अन्य जिलों में भी प्रदूषण के स्तर में मामूली गिरावट दर्ज की गई।