Inkhabar Haryana, Haryana Weather News: हरियाणा में धीरे-धीरे ठंड ने अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। सुबह और रात के तापमान में गिरावट आ रही है, वहीं दिन में खिली धूप मौसम में गर्माहट का एहसास करा रही है। राज्य में ठंड की वजह मुख्य रूप से पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही ठंडी हवाओं को बताया जा रहा है, जिनकी वजह से ठंड का असर बढ़ रहा है। खासकर हरियाणा के महेंद्रगढ़ और रोहतक जिले इस समय सबसे ठंडे माने जा रहे हैं।
तापमान में गिरावट
हरियाणा के मौसम में अब सर्दी का असर साफ दिखाई दे रहा है। रोहतक में दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया, जबकि महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल प्रदेश का रात का तापमान सामान्य के स्तर तक पहुंच चुका है, लेकिन आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार 6 दिसंबर तक उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की धुंध भी छाने की संभावना है। वहीं, 7 दिसंबर से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई जा रही है, जिसके कारण हवा की दिशा उत्तर-पूर्वी हो सकती है। 7 और 8 दिसंबर तक आंशिक बादल छा सकते हैं।
प्रदूषण में सुधार
जहां एक ओर ठंडी हवाओं ने तापमान को प्रभावित किया है, वहीं इन हवाओं के कारण प्रदेश में प्रदूषण के स्तर में भी सुधार देखा गया है। राज्य में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 200 से नीचे आ गया है, जो राहत की बात है। हिसार में AQI 184, बहादुरगढ़ में 162, सिरसा में 161, भिवानी में 155, और गुरुग्राम, नारनौल, चरखी दादरी में भी AQI 155 के आसपास दर्ज किया गया। यह संकेत है कि हवा में प्रदूषण की मात्रा कम हुई है, जिससे वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है।