Advertisement
Advertisement
होम / Haryana Weather News: शुक्रवार सुबह घने कोहरे से ढका हरियाणा,विजिबिलिटी जीरो, वीकेंड में बारिश का कहर

Haryana Weather News: शुक्रवार सुबह घने कोहरे से ढका हरियाणा,विजिबिलिटी जीरो, वीकेंड में बारिश का कहर

BY: • LAST UPDATED : January 10, 2025
Inkhabar Haryana, Haryana Weather News: हरियाणा में शुक्रवार का दिन घने कोहरे के बीच शुरू हुआ, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। झज्जर और सोनीपत समेत विभिन्न इलाकों में दृश्यता शून्य तक सिमट गई, जिससे वाहन चालकों और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वीरवार देर रात से ही कोहरे का असर दिखने लगा था, जो शुक्रवार सुबह घना हो गया। पिछले कुछ दिनों से कोहरा अपेक्षाकृत कम था, लेकिन इस बदलाव ने अचानक ठंड का एहसास बढ़ा दिया।

झज्जर और आसपास के इलाकों में कोहरे का असर

झज्जर में शुक्रवार सुबह कोहरा इतना घना था कि दृश्यता बिल्कुल शून्य हो गई। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे ने न केवल वाहन चालकों को परेशान किया, बल्कि सुबह-सुबह ऑफिस और स्कूल जाने वाले लोगों की भी मुश्किलें बढ़ा दीं।

सोनीपत में कोहरा और यातायात पर असर

सोनीपत में वीरवार रात से हल्का कोहरा छा गया था, जो शुक्रवार सुबह घना हो गया। दृश्यता केवल 5 मीटर तक सिमट गई, जिससे नेशनल हाईवे और केजीपी-केएमपी एक्सप्रेसवे पर वाहन रेंगते नजर आए। वाहन चालकों को अपनी गाड़ियों की गति 10-20 किमी प्रति घंटा तक सीमित करनी पड़ी। राई, खरखौदा, गोहाना और गन्नौर क्षेत्रों में भी घने कोहरे का प्रभाव देखने को मिला।

Advertisement

नमी और हवा की गति से कोहरे का असर बढ़ा

विशेषज्ञों के अनुसार, हवा की गति कम होने और वातावरण में नमी बढ़ने से कोहरे का असर गहराया। शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी नमी की मात्रा अधिक रही, जिससे कोहरा छा गया। न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई और यह 6.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि एक दिन पहले यह 3.1 डिग्री था।

शनिवार को बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार से हरियाणा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट होगी और वातावरण में नमी और बढ़ सकती है।