




मंगलवार को झज्जर, कुरुक्षेत्र और करनाल जैसे जिलों में धुंध का प्रभाव थोड़ा कम रहा। हालांकि, प्रदेश के कई इलाकों में विजिबिलिटी कम रहने से यातायात में परेशानी हुई। झज्जर में सुबह बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। सोमवार को हुई बूंदाबांदी ने ठंड को और बढ़ा दिया है। झज्जर में अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री दर्ज किया गया है।
कुरुक्षेत्र में भी लोगों को धुंध से राहत मिली, लेकिन शीतलहर का प्रभाव जारी है। अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री के साथ ठंडक बरकरार रही। दोपहर में हल्की धूप निकलने की संभावना जताई गई है, लेकिन सर्द हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़ों में कैद कर दिया है।
मौसम विभाग ने हरियाणा के सभी 22 जिलों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत और रोहतक में विजिबिलिटी कम रहने की संभावना है। इन जिलों में कोहरे के कारण वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश ने ठंड को और बढ़ा दिया है। बहादुरगढ़ में 5.4 mm और सोनीपत में 5 mm बारिश दर्ज की गई। नारनौल में अधिकतम तापमान 12.7 डिग्री और रोहतक में 12.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।




