




Inkhabar Haryana, Haryana Weather News: हरियाणा के हिसार जिले का बालसमंद क्षेत्र इन दिनों सर्दी के कहर का केंद्र बना हुआ है। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते यह क्षेत्र राजस्थान के चुरू और जम्मू से भी अधिक ठंडा हो गया है। सोमवार रात बालसमंद का न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जम्मू में 7.6 डिग्री और चुरू में 9.5 डिग्री तापमान रहा।
Haryana Weather News: हरियाणा में बारिश से मौसम ने ली करवट, प्रदूषण पर ब्रेक, किसानों की बल्ले बल्ले
प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं ने सर्दी की तीव्रता को और बढ़ा दिया है। मंगलवार को बहादुरगढ़ में बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे वातावरण में ठंडक और बढ़ गई।
मौसम विभाग के अनुसार, 26 दिसंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जो 27 दिसंबर से हरियाणा के कई हिस्सों में हल्की बारिश का कारण बन सकता है। इस बदलाव के चलते रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।
बुधवार को प्रदेश के 14 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रभावित जिलों में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, सिरसा और फतेहाबाद शामिल हैं। मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है, खासकर सड़क पर यात्रा करने वालों से, क्योंकि कोहरे के कारण दृश्यता में कमी आ सकती है।
प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के चलते वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया है। पंचकूला का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) घटकर 65 पर आ गया, जो “संतोषजनक” श्रेणी में आता है। हालांकि, गुरुग्राम का एक्यूआई 332 पर बना हुआ है, जो “खराब” श्रेणी में है। आगामी बारिश से हवा की गुणवत्ता में और सुधार की उम्मीद है।
हल्की बारिश और बदलते मौसम के चलते रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, दिन के समय धूप खिलने से अधिकतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विभाग की सलाह के अनुसार, नागरिकों को ठंड से बचाव के उपाय करने चाहिए और अत्यधिक ठंडी रातों में सतर्क रहना चाहिए।
Haryana Weather News: ढाई महीने बाद झूमकर बरसे बादल, तापमान में आई भारी गिरावट




