Advertisement
Advertisement
होम / Haryana Weather News: हरियाणा में कड़ाके की ठंड का कहर, घने कोहरे और ओलों का जारी अलर्ट

Haryana Weather News: हरियाणा में कड़ाके की ठंड का कहर, घने कोहरे और ओलों का जारी अलर्ट

BY: • LAST UPDATED : December 26, 2024
Inkhabar Haryana, Haryana Weather News: उत्तर भारत के पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश और बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी साफ नजर आ रहा है। हरियाणा में ठंड अपने चरम पर पहुंच चुकी है। दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। उत्तर दिशा से आने वाली बर्फीली हवाएं ठिठुरन को और बढ़ा रही हैं। इस कारण प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाने लगा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

तापमान में गिरावट

मौसम विभाग ने हरियाणा के 12 जिलों – सिरसा, फतेहाबाद, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक रह गई है। मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति 29 दिसंबर तक जारी रह सकती है।

चंडीगढ़ मौसम केंद्र द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। हिसार के बालसमंद में तापमान 4.9 डिग्री तक पहुंच गया, जो राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। अन्य जिलों में भी स्थिति कुछ इसी तरह रही। अंबाला में 9.2 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 6.1 डिग्री, रोहतक में 8.2 डिग्री और गुरुग्राम में 9.3 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

Advertisement

बदलते मौसम के संकेत, ओलों की संभावना

जानकारी के मुताबिक,  26 दिसंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 27 और 28 दिसंबर को प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश और ओले गिरने की संभावना है।
26 दिसंबर की रात से हवाओं की दिशा में परिवर्तन होगा और उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने लगेंगी। इसके साथ ही ठंडी उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाएं भी सक्रिय रहेंगी, जिससे रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है।

कोहरा और बारिश से जनजीवन प्रभावित

घने कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात में परेशानी हो सकती है। वहीं, बारिश और ओलों के कारण किसानों की फसलों पर असर पड़ने की आशंका है। यह बदलाव हरियाणा के उत्तरी और दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में अधिक महसूस किया जाएगा।