Advertisement
Advertisement
होम / Haryana Weather News: हरियाणा में ठंड का रौद्र रूप, हिसार सबसे ठंडा

Haryana Weather News: हरियाणा में ठंड का रौद्र रूप, हिसार सबसे ठंडा

BY: • LAST UPDATED : December 13, 2024
Inkhabar Haryana, Haryana Weather News: हरियाणा में ठंड ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बीते 3 दिनों से प्रदेश में जारी शीतलहर के कारण ठंड में जबरदस्त इजाफा हुआ है। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं ने लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया है। राजस्थान की सीमा से सटे हरियाणा के इलाकों में तापमान तेजी से गिर रहा है और पारा जमाव बिंदु की ओर बढ़ रहा है। इन इलाकों में पाला पड़ने की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।

हिसार सबसे ठंडा

हिसार में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। वहीं, राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज किया गया है। यह ठंड न केवल आम जनजीवन को प्रभावित कर रही है, बल्कि कृषि और पशुपालन के लिए भी चुनौती बन गई है।

कृषि वैज्ञानिकों की सलाह

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को फसलों को ठंड से बचाने के लिए खेतों में सिंचाई करने की सलाह दी है। इससे मिट्टी का तापमान स्थिर रहेगा और फसलों को पाले से बचाया जा सकेगा। बागवानी के लिए भी पेड़ों में पर्याप्त पानी देने की सलाह दी गई है। इसके अलावा पशुपालकों को मवेशियों को खुले में न बांधने और उन्हें पोषणयुक्त आहार देने की सलाह दी गई है।

Advertisement

17 जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने शुक्रवार, 13 दिसंबर को हरियाणा के 17 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में यह अलर्ट जारी किया गया है, उनमें पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, और चरखी दादरी शामिल हैं।

ठंड से राहत की उम्मीद नहीं

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। शीतलहर के कारण प्रदेश में ठंड और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की जरूरत है।