




मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, बीते 24 घंटों में कई जगहों पर तापमान में 6 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। यह सीजन की सबसे बड़ी गिरावट है। प्रदेश के कई जिलों में रात का औसत तापमान 5 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। हिसार के बालसमंद और सोनीपत के सरगथल में पारा 1.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 7.5 डिग्री कम है। दिन में रोहतक सबसे ठंडा रहा।
मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, सिरसा, फतेहाबाद, झज्जर, और रोहतक जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि यह स्थिति 15 दिसंबर तक बनी रह सकती है।
बता दें कि, यह बदलाव पहाड़ों में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से हुआ है। इसके चलते हवा की दिशा बदल गई है और बादल छाने के साथ-साथ उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चल रही हैं। इन हवाओं के कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट आ रही है। ठंडी हवाओं के चलते प्रदूषण के स्तर में भी सुधार देखा गया है। बीते तीन दिनों से प्रदेश का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 200 से नीचे पहुंच गया है, जो राहत की बात है।




