Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। मंगलवार को प्रदेशभर में मौसम साफ बना रहेगा, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने 16 अप्रैल से प्रदेश में हीटवेव (लू) को लेकर यलो अलर्ट जारी कर दिया है। खासतौर पर बुधवार को हरियाणा के 12 जिलों में गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं।
सोमवार को सिरसा सबसे गर्म
सोमवार को हरियाणा का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान पूरे प्रदेश में सबसे अधिक रहा। पूरे हरियाणा में अधिकतम तापमान में औसतन 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे गर्मी का असर और अधिक महसूस किया गया।
हीटवेव का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 16 अप्रैल से हीटवेव के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट के तहत बुधवार को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में लू चलने की संभावना जताई गई है। इन जिलों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने की हिदायत दी गई है।
वहीं, प्रदेश के अन्य 10 जिलों में 16 अप्रैल को हीटवेव का अलर्ट नहीं जारी किया गया है। इसका मतलब है कि इन इलाकों में फिलहाल गर्मी की तीव्रता थोड़ी कम रहेगी।
तापमान में आया उतार-चढ़ाव
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी भिवानी जिले में दर्ज की गई, जहां तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस चढ़कर 38.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दूसरी ओर, सबसे अधिक गिरावट करनाल जिले में हुई, जहां तापमान में 0.8 डिग्री की कमी आई और अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।