बुधवार रात को हुई बूंदाबांदी से ठंड में थोड़ी कमी महसूस की गई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, हल्की बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जबकि पूर्वाई हवाओं के चलते रात के तापमान में हल्का इजाफा हो सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, मौसम साफ रहने की उम्मीद है, जिससे ठंड का असर थोड़ा कम हो सकता है।
रोहतक जिले में पिछले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 19 जनवरी को रोहतक का अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस था, जो 22 जनवरी को बढ़कर 20.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन के समय धूप खिलने के कारण यह बदलाव स्पष्ट रूप से देखा गया।
मौसम विज्ञानियों ने पहले ही 22 जनवरी तक प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना व्यक्त की थी। हालांकि, अब अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश की संभावना कम है और मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।