Advertisement
Advertisement
होम / Haryana Weather Update: हरियाणा में लगातार बारिश का कहर, 13 जिलों में यलो अलर्ट जारी

Haryana Weather Update: हरियाणा में लगातार बारिश का कहर, 13 जिलों में यलो अलर्ट जारी

BY: • LAST UPDATED : August 28, 2025
Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार को दिनभर रुक-रुककर हुई बारिश ने फरीदाबाद समेत कई जिलों को तरबतर कर दिया। जहां इस बारिश ने गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं जलभराव और जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। मौसम विभाग का कहना है कि यह सिलसिला यहीं थमने वाला नहीं है। अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश जारी रहेगी।

Haryana Weather Update: अगले 48 घंटे हरियाणा के लिए अहम, कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी

फरीदाबाद में सबसे ज्यादा बारिश

बुधवार को फरीदाबाद जिले में सबसे ज्यादा 62 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा तिगांव और बल्लभगढ़ में 32 मिमी, मोहना में 22 मिमी, दयालपुर में 18 मिमी, बड़खल में 48 मिमी, धौज में 53 मिमी और गौंछी में 47 मिमी बारिश हुई। सुबह से लेकर शाम तक हुई इस लगातार बरसात ने शहर की रफ्तार को थाम दिया।

Advertisement

जलभराव और ट्रैफिक जाम से लोगों की परेशानी

तेज बारिश के बाद दिल्ली-मथुरा रोड समेत कई इलाकों में पानी भर गया। बस स्टैंड के अंदर तक घुटनों तक पानी जमा हो गया, जहां लोग मुश्किल से गुजरते दिखे। कई जगहों पर सड़कों पर बने गड्ढों में वाहन फंस गए। बाइक सवार फिसलकर गिर पड़ा, लेकिन समय रहते लोगों ने उसे बचा लिया। वहीं कम विजिबिलिटी के कारण एक कार नाले पर चढ़ गई।

सार्वजनिक सेवाएं बुरी तरह प्रभावित

बारिश का असर सिर्फ ट्रैफिक पर ही नहीं, बल्कि सार्वजनिक सेवाओं पर भी दिखा। हरियाणा रोडवेज को तेज बारिश और सड़कों पर जलभराव की वजह से कई बस सेवाएं रद्द करनी पड़ीं। खासकर पठानकोट, जम्मू और कटरा के लिए जाने वाली बसें रोक दी गईं। वहीं रेलवे ने भी 18 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया, जिससे यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी।

मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 28 अगस्त को हरियाणा के 13 जिलों—पंचकूला, अंबाला, करनाल, यमुनानगर, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल—में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 29 अगस्त को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल में भारी बारिश के आसार जताए गए हैं।

आने वाले दिनों का मौसम

बारिश ने जहां लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं शहर की व्यवस्थाओं की पोल भी खोल दी। जगह-जगह बने जलभराव और जाम ने साफ कर दिया कि थोड़ी सी तेज बरसात में भी नगर निगम की तैयारियां नाकाफी साबित हो रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। लोगों को सलाह दी गई है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और बरसात के दिनों में सतर्क रहें।