




गुरुग्राम में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी पूरी तरह से खत्म हो गई है। वाहन चालकों को सड़कों पर बेहद सावधानी बरतनी पड़ रही है। ठंड भी अपना कहर बरपा रही है, और तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर चुका है। इसके साथ ही, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस फिर से सक्रिय हो गया है, जिससे 18 जनवरी तक मौसम खराब रहने का अनुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में भी हालात कुछ अलग नहीं हैं। घने कोहरे की वजह से सड़कें, पेड़-पौधे और ऊंची इमारतें तक दिखाई नहीं दे रही हैं। सड़कों पर वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। लोग कह रहे हैं कि पिछले कई सालों से उन्होंने ऐसा घना कोहरा नहीं देखा है।
हरियाणा के चरखी दादरी जिले में भी ठंड और धुंध का प्रकोप जारी है। घने कोहरे के कारण मुख्य मार्गों पर विजिबिलिटी 10 से 12 फीट तक सीमित हो गई है। वाहन चालकों को धीमी गति से चलना पड़ रहा है, जिससे ट्रैफिक की समस्याएं बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी, जिससे तापमान और गिरेगा।
जहां ठंड और कोहरा आम जनता के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है, वहीं कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह मौसम सरसों और गेहूं की फसलों के लिए लाभकारी साबित होगा। धुंध से फसलों को प्राकृतिक नमी मिलेगी, जो उनकी पैदावार में वृद्धि करेगी।
मौसम विभाग ने 18 जनवरी तक घने कोहरे और ठंड के प्रकोप से राहत न मिलने का अनुमान जताया है। लोग घरों में रहने और बाहर निकलने पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।




