




Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ली है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से गर्मी का प्रकोप जारी है, लेकिन अब वातावरण में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में हरियाणा के कई जिलों में लू चलने के साथ-साथ वर्षा की संभावना भी बनी हुई है। इससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
शुक्रवार की शाम को प्रदेश में चल रही तेज हवाओं के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि दिन के समय गर्मी अपने चरम पर रही। सिरसा शुक्रवार को सबसे अधिक गर्म रहा, जहां का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह इस सीजन का अब तक का सबसे ऊंचा तापमान माना जा रहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आगामी दिनों को देखते हुए प्रदेश में यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 25 मई को उत्तर हरियाणा के जिलों में जैसे कि करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और पंचकूला में गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं, दक्षिणी-पश्चिमी जिलों जैसे सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में लू चलने की आशंका है।
वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए 26 मई तक हरियाणा में मौसम खुश्क और गर्म रहने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी हवाएं चलने से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। वातावरण में नमी की कमी और अधिक धूप के कारण लू की स्थिति बनी रह सकती है।




