Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में एक बार फिर घने कोहरे ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में दिनभर बादलवाही रही, लेकिन शाम होते ही पूरे क्षेत्र में घना कोहरा छा गया। इससे यातायात प्रभावित हुआ और दृश्यता भी काफी कम हो गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आगामी दिनों में भी ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है।
13 जिलों में छाया घना कोहरा
शुक्रवार को हरियाणा के 13 जिलों—हिसार, भिवानी, रोहतक, झज्जर, फतेहाबाद, सिरसा, चरखी-दादरी, पानीपत, अंबाला, जींद, सोनीपत, कुरुक्षेत्र और रेवाड़ी में घने कोहरे का व्यापक असर देखने को मिला। कई जगहों पर दृश्यता महज 10 से 25 मीटर तक ही सीमित रही, जिससे वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
तापमान में गिरावट, लेकिन कड़ाके की ठंड नहीं
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि कोहरे और बादलों के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, लेकिन फिलहाल कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना नहीं है। जनवरी का अंत बारिश की कमी के साथ हुआ है, जिससे ठंड का असर ज्यादा महसूस नहीं हुआ। हालांकि, फरवरी के पहले सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव आ सकता है।
फरवरी के पहले सप्ताह में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। पहला पश्चिमी विक्षोभ शनिवार से प्रभावी हो सकता है, लेकिन इससे केवल हल्की बूंदाबांदी होने की उम्मीद है। वहीं, दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 3 और 4 फरवरी को दस्तक देगा, जिससे पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
यातायात पर असर, सतर्कता जरूरी
घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है। कम दृश्यता के चलते दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का उपयोग करने की सलाह दी जा रही है।
आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है, जिससे ठंड का असर कुछ बढ़ सकता है। हालांकि, मौसम विभाग ने साफ किया है कि इस बार ठंड बहुत अधिक नहीं पड़ेगी, लेकिन बारिश के कारण तापमान में हल्की गिरावट जरूर देखने को मिलेगी।