Advertisement
Advertisement
होम / Haryana Weather Update: लगातार दूसरे दिन भी बरसात से बेहाल हरियाणा, इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

Haryana Weather Update: लगातार दूसरे दिन भी बरसात से बेहाल हरियाणा, इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

BY: • LAST UPDATED : August 26, 2025
Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्यभर में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। जहां यमुनानगर और कुरुक्षेत्र जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, वहीं शेष 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का अनुमान है कि इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

सुबह से ही 6 जिलों में बारिश

आज सुबह से ही अंबाला, सोनीपत, रोहतक, हिसार, चरखी दादरी और कुरुक्षेत्र में बारिश हो रही है। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ है और कई जगहों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली। यमुनानगर में सोमवार रात को भी तेज बारिश दर्ज की गई। तेज हवाओं के कारण यहां छप्पर से सारण जाने वाले रास्ते पर एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया। वहीं, अंबाला के जंडली अंडरपास में पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी।

सोमवार को भी बरसी थी बारिश

इससे पहले सोमवार को भी हरियाणा के 14 जिलों में रुक-रुक कर बारिश हुई थी। दिनभर चली इस बारिश ने कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति पैदा कर दी थी। अब लगातार दूसरे दिन बारिश का सिलसिला जारी रहने से लोगों को उमस से राहत जरूर मिली है, लेकिन सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

Advertisement

27 अगस्त तक जारी रहेगा असर

मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का यह क्रम 27 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिलेगी और मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा। इस मानसूनी सीजन में हरियाणा में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर जिले में हुई है, जहां का आंकड़ा अब तक 900 मिमी के करीब पहुंच चुका है। दूसरी ओर, सिरसा जिला सबसे कम बारिश वाला क्षेत्र रहा है।