Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर सामने आई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), चंडीगढ़ केंद्र ने राज्य के विभिन्न जिलों में आगामी चार दिनों (19 मई से 22 मई) तक आंधी और बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बताया है कि इस दौरान कई जिलों में 25 फीसदी तक बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।
10 जिलों में बारिश की संभावना
19 मई को हरियाणा के 10 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, फरीदाबाद, पलवल, पानीपत और सोनीपत में आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में 25 फीसदी तक बारिश हो सकती है। वहीं, शेष 12 जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
रोहतक सबसे गर्म
रविवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहा। हालांकि, रोहतक इस दौरान सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया जहां अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके विपरीत करनाल में तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई।